बिलासपुर एयरपोर्ट से दिल्ली तक की सीधी उड़ान, शाम को भरेगी उड़ान

बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट से जल्द ही दिल्ली तक की सीधी उड़ान मिलेगी. राज्य सरकार और अलायंस एयर ने इसकी घोषणा कर दी है. 3 मई यानी रविवार को यह ऐतिहासिक दिन होगा. दिल्ली से बिलासपुर और बिलासपुर से दिल्ली की सीधी उड़ान हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए सुखद होगा.

 

बिलासा एयरपोर्ट से दिल्ली के बीच सीधी हवाई सेवा की मांग लंबे समय से की जा रही है, जिसके अब पूरे होने के दिन नजदीक आ चुके हैं. अलायंस एयर द्वारा दिल्ली की उड़ान शाम 6.20 बजे बिलासपुर पहुंचेगी और 6. 45 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगी. करीब ढाई घंटे का सफर तय कर रात 9. 25 बजे दिल्ली में लैंड किया जा सकेगा. शुरूआती दिनों में यह सेवा रविवार के लिए ही शुरू की जा रही है, जिसे यात्रियों की मांग पर हफ्ते में दो दिन बढ़ाया जा सकता है.

 

इस फ्लाइट के द्वारा यात्री दिनभर के अपने कार्यों को निपटाने के बाद शाम को सीधे देश की राजधानी के लिए यात्रा कर सकेंगे. खासतौर पर व्यावसायिक, शासकीय और निजी कार्यों से यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह सेवा बेहद सुविधाजनक सफर साबित होगी. इसके साथ ही, शाम के समय उड़ान संचालन से एक महत्वपूर्ण तकनीकी लाभ भी मिलेगा. दरअसल दोपहर के उच्च तापमान के कारण विमानों पर लगने वाली ‘लोड पेनल्टी’ बंद हो जाएगा, और विमान अपनी पूर्ण क्षमता के साथ उड़ान भरने के लिए तैयार होगा. इससे अधिक यात्रियों को सीट उपलब्ध होगी. इस हवाई सेवा से बिलासपुर के साथ ही संभाग में आर्थिक और सामाजिक विकास को गति मिलेगी जिससे कनेक्टिविटी से व्यापार, पर्यटन और निवेश के अवसर बढ़ेंगे.

See also  उत्तर बस्तर कांकेर : नगर पंचायत उप निर्वाचन पखांजूर : निर्वाचक नामावली तैयार करने कार्यक्रम जारी