JJohar36garh News|दिल्ली के मालवीय नगर में माइक्रोवेव ओवन में बच्ची अनन्या कौशिक (करीब दो महीने) का शव मिलने के मामले में दिल दहला देने वाला खुलासा सामने आया है। आरोपी मां डिंपल कौशिक ने चलती वाशिंग मशीन में मासूम को डालकर उसकी हत्या की थी। हत्या एक दिन पहले की थी और बच्ची के शव को 16 घंटे पलंग पर लिटाकर रखा था। राज खुलने के डर से बच्ची के शव को ओवन में छिपा दिया था।
ये खुलासा होने के बाद मालवीय नगर पुलिस ने आरोपी मां डिंपल कौशिक को बुधवार शाम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बच्ची के शव का पोस्टमार्टम कराकर बुधवार को परिजनों को सौंप दिया। दक्षिण जिला डीसीपी बेनीटा मेरी जैकर ने बताया कि पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची की हत्या मुंह दबाकर हुई है। बच्ची के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, डिंपल दूसरा बच्चा लड़की होने से परेशान थी, इसलिए उसने बच्ची की हत्या की है। हालांकि डीसीपी का कहना है कि महिला ने बच्ची की हत्या क्यों की है, इसका अभी तक पूरी तरह खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार डिंपल ने 20 मार्च को करीब 12 बजे बच्ची को चलती वशींग मशीन में डाल दिया था। बच्ची की जब मौत हो गई तो उसने बच्ची को पलंग पर लाकर लिटा दिया था और कंबल से ढक दिया था।
हालांकि आरोपी डिंपल का कहना है कि वशींग मशीन में बच्ची गिर गई थी। पुलिस उसके इस बयान पर विश्वास नहीं कर रही है। परिजनों ने बच्ची के बारे में कई बार पूछा तो उसने हर बार बताया कि बच्ची सो रही है। 21 मार्च को उसे लगा कि राज खुल जाएगा तो उसने 21 मार्च को शाम चार बजे बच्ची के शव को माइक्रोवेव ओवन में छिपा दिया था।
इसके बाद उसने कमरे को अंदर से बंद कर लिया और उलटी करने पर चार वर्षीय बेटे को पीटने लगी।
बच्ची की रोने की आवाज सुनकर गुलशन कौशिक, उसका छोटा भाई व गुलशन की मां पहली मंजिल पर गए। डिंपल ने कमरा अंदर से बंद रखा था। कमरे का शीशा तोड़कर ये लोग अंदर गए। डिंपल बेहोश थी। उसे मदनमोहन मालवीय अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने बताया कि वह बेहोश होने का नाटक कर रही है। इसके बाद उसे घर ले गए। घर आकर बच्ची की याद आई तो गुलशन के छोटे भाई व पड़ोसियों ने अनन्या को ढूंढा। अनन्या का शव ओवन में मिला था।
बच्ची का शव सड़-गल गया था
बच्ची का शव 16 घंटे रखे रहने के कारण काफी हद तक सड़-गल गया था। शव से बदबू भी आने लग गई थी। ताजुब्ब वाली बात ये है कि परिजनों को बदबू आने से भी बच्ची के बारे में पता नहीं चला। पोस्टमार्टम करने वाले डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची के शरीर पर काफी चोट के निशान पाए गए हैं। बच्ची का मुंह दबाकर हत्या की गई है। पुलिस आरोपी डिंपल को गुरुवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी और ये पता करेगी कि उसने बेटी की हत्या कैसे की है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही ये खुलासा होगा कि बच्ची की मौत कैसे हुई है।
पड़ोसी के घर में लगे कैमरे को घुमाया था
दूसरी मंजिल पर पड़ोसी के घर में कैमरा लगा हुआ है। आरोपी डिंपल ने पड़ोसी के घर में लगे कैमरे को भी घुमाया दिया था, ताकि बच्ची को लाते-जे जाते वह कैमरे में कैद न हो जाए। पुलिस ने कैमरे के डीवीआर को जब्त कर लिया और इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी बच्ची को लाते- ले जाते कैमरे में कैद हुई है या नहीं।
16 घंटे में बच्ची को किसी ने देखा नहीं
आरोपी डिंपल ने अपनी दो महीने की बच्ची की हत्या 20 अप्रैल को दोपहर 12 बजे कर दी थी। अगले दिन चार बजे तक परिवार के किसी भी सदस्य ने बच्ची के बारे में नहीं पूछा। कोई डिंपल से बच्ची के बारे में पूछता तो वह कहती थी वह सो रही है। गुलशन व उसके परिवार के लोग कितने असंवेदनशील है कि उन्होंने बच्ची के बारे में एक बार भी चिंता नहीं हुई।
आरोपी मां ने अकेले ही वारदात को अंजाम दिया
डीसीपी बेनीटा मेरी जैकर ने कहा कि आरोपी डिंपल ने अकेले ही वारदात को अंजाम दिया है। उसके साथ घर का या फिर बाहरी कोई व्यक्ति नहीं था। जब उसने दूसरी मंजिल पर वारदात को अंजाम दिया तो उस समय वह अकेली थी। मूलरूप से बुलंदशहर की रहने वाली डिंपल की करीब छह वर्ष पहले गुलशन कौशिक से शादी हुई थी। डिंपल 12 कक्षा पास है।