Johar36garh (Web Desk)|बलरामपुर रामानुजगंज के ग्राम मितगई में मंगलवार की दोपहर आकाशीय बिजली की चपेट में आकर एक 17 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। उसके छोटे भाई की जान बाल-बाल बच गई, वह बड़े भाई को पानी से भीगता देख छोटा भाई छाता देने जा रहा था।
वह भाई से कुछ दूर पहुंचा ही था कि भाई आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया। वहीं गांव में ही एक अन्य स्थान पर आकाशीय बिजली गिरने से 8 बकरियों की भी मौत हो गई।
रामानुजगंज से लगे ग्राम मितगई निवासी 17 वर्षीय रमेश आयाम पिता रामवृक्ष आयाम मंगलवार की दोपहर लगभग 2 बजे जंगल में गाय चराने गया था। इसी दौरान अचानक बारिश होने लगी तो वह पलाश पेड़ के नीचे खड़ा हो गया।
यहां गाज गिरने से रमेश गंभीर रूप से झुलसकर बेहोश हो गया, जिसे उसके 8 वर्षीय छोटे भाई ने देखा। उसने शोर मचाकर लोगों को एकत्रित किया। इसके बाद रमेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर जिला पंचायत सदस्य राजेश यादव पूर्व सरपंच प्रेम सिंह सहित ग्रामीण मौके पर पहुंचे थे। वहीं ग्राम मितगई में ही एक अन्य स्थान पर आकाशीय बिजली गिरने से ८ बकरियों की भी मौत हो गई।
छाता देने जा रहा था छोटा भाई जब रमेश अचानक पानी आने से भीगने लगा तो उसका छोटा भाई दौड़ते हुए उसे छाता देने जा रहा था। वह करीब 100 मीटर की दूरी पर ही था कि रमेश आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया और छोटा भाई बाल-बाल बच गया।
रमेश के आकाशीय बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल होने के बाद रास्ता नहीं होने के कारण एंबुलेंस तक ले जाने के लिए उसे 3 किलोमीटर खाट से लाया गया।