CG : पिकनिक मनाने गए 9 छात्र डेम में डूबे, 5 सुरक्षित, 2 बॉडी मिली, 2 तलाश जारी

छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आ रही है। यहां एक डैम में डूबने से 2 स्कूली बच्चों की मौत हो गई है, वहीं 2 अन्य छात्र अभी भी लापता हैं। हादसा उस वक्त हुआ जब स्कूली छात्र पिकनिक मनाने गए हुए थे।

जानकारी के मुताबिक, कोंडागांव स्वामी आत्मानंद स्कूल के 9 छात्र स्कूल में परीक्षा देने के बाद पास के ही एक डैम में घूमने गये थे। इसी दौरान ये हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि सभी बच्चे आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल में पढ़ते हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को स्कूल में हिंदी की परीक्षा थी। एग्जाम के बाद 9 छात्र रोशन सोनी, शेख अज़हान खान, आशीष गुप्ता, भवदीप तिवारी, शादाब अहमद, चंद्रकांत, मोहित कश्यप, लखेद्र मरकाम और तुषार नेताम बफना पंचायत के ग्राम दाडिया स्टॉप डेम में पिकनिक मनाने गए थे। इनमें से 4 बच्चे डैम में डूब गए।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार की दोपहर करीब 3 बजे सभी बच्चे डैम में पहुंचे और फिर पिकनिक मनाने लगे। इस दौरान 4 बच्चे नहाने के लिए डैम में उतरे और फिर गहराई में चले गए। डैम में डूबे 4 बच्चों में से दो का शव अब तक निकाला जा चुका है, जबकि 2 स्कूली बच्चों की अभी भी तलाश जारी है।

See also  नाराज़ किसानों ने सड़क पर फेंका धान, आर्थिक तंगी बनी समस्या 

ग्रामीणों के मुताबिक कोंडागांव से महज 10 किलोमीटर दूरी पर ये डैम है, जहां बच्चे घूमने गए थे। नहाने के दौरान बच्चों को गहराई का पता नहीं लगा और चार बच्चे मोहित कश्यप, चंद्रकांत साकची, लखेश मरकाम और तुषार मरकाम डैम में डूब गए।

डैम में अपने साथियों को डूबता देख साथी छात्रों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें नहीं बचाया जा सका। अभी तक मोहित कश्यप और चंद्रकांत का शव गोताखोरों ने डैम से निकाल लिया है, लेकिन दो अन्य बच्चों का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। इनकी तलाश अभी भी जारी है।