छतीसगढ़ में पेट्रोल भरवाने के बाद, गाड़ियों से पेट्रोल की जगह निकल रहा पानी, वाहन मालिकों ने मचाया हंगामा

सारंगढ़ जिले के बरमकेला तहसील के डभरा क्षेत्र में स्थित यशदेव किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप पर बुधवार को हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। पेट्रोल पंप पर पेट्रोल में मिलावट का आरोप लगाते हुए स्थानीय ग्राहकों ने जमकर हंगामा किया। घटना की जानकारी मिलते ही बरमकेला पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाने के बाद मोटरसाइकिल चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने शिकायत की कि पेट्रोल डलवाने के बाद कुछ ही दूरी पर उनकी मोटरसाइकिल बंद हो जा रही थीं। कुछ उपभोक्ताओं ने कहा कि यह समस्या बार-बार हो रही थी, जिससे उन्हें इस बात का शक हुआ कि पेट्रोल में मिलावट की जा रही है।

पेट्रोल पंप पर आई तकनीकी समस्या और मिलावट के आरोपों से नाराज ग्राहकों ने पेट्रोल पंप परिसर में हंगामा किया और प्रबंधक से स्पष्टीकरण की मांग की। ग्राहकों का कहना था कि वे अपनी मोटरसाइकिलों को लेकर मैकेनिक के पास जाने को मजबूर हो रहे हैं, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद हो रहा है। कई ग्राहकों ने कहा कि अगर समय पर समाधान नहीं किया गया तो वे प्रशासन से भी इसकी शिकायत करेंगे।

See also  छत्तीसगढ़ में 2027 जनगणना की तैयारी तेज, पहली बार डिजिटल पैटर्न पर होगी गणना

मामले की गंभीरता को देखते हुए बरमकेला पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने ग्राहकों और पेट्रोल पंप के कर्मचारियों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, और यदि पेट्रोल में मिलावट की पुष्टि होती है, तो पेट्रोल पंप मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, पेट्रोल पंप के अधिकारियों ने आरोपों को नकारते हुए कहा है कि किसी भी प्रकार की मिलावट नहीं की गई है और यह समस्या पेट्रोल की गुणवत्ता से नहीं, बल्कि वाहनों की स्थिति के कारण हो सकती है। फिलहाल, पुलिस और संबंधित विभाग मिलकर पेट्रोल के सैंपल की जांच कर रहे हैं, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही कोई ठोस कदम उठाया जाएगा।