शहीद संतोष जगदाले की बेटी का भावुक संदेश: आतंकियों के खात्मे से मिली सच्ची राहत

पुणे

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में शामिल तीनों आतंकियों को सोमवार को सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन महादेव के तहत मार गिराया है। भारतीय सेना की इस उपलब्धि पर पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए संतोष जगदाले की बेटी असावरी जगदाले ने भावुक संदेश दिया। उन्होंने केंद्र सरकार और सेना का आभार जताते हुए कहा कि मैं भारतीय सेना और सरकार का धन्यवाद करती हूं। आज उन 26 लोगों की आत्मा को शांति मिलेगी। हम भी अब चैन की नींद सो पाएंगे। उन्होंने कहा कि मेरी उम्मीद है कि आगे ऐसे हमले न हों और देश में शांति बनी रहे। सरकार को ऑपरेशन महादेव जैसे अभियान लगातार चलाते रहना चाहिए।

अमित शाह ने लोकसभा में दी जानकारी
बता दें कि भारतीय सेना की तरफ से चलाए गए ऑपरेशन महादेव को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को लोकसभा में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई ऑपरेशन महादेव के तहत की गई, जिसमें भारतीय सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त रूप से आतंकियों को ढेर किया। गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि मारे गए आतंकियों की पहचान सुलेमान उर्फ फैजल, अफगान और जिब्रान के रूप में हुई है। ये तीनों बैसारन घाटी में 26 निर्दोष लोगों की हत्या में शामिल थे।

See also  झगड़ा के बाद घर से भागी महिला, मनाने का भरोसा दिलाकर रिश्तेदारों ने किया रात दुष्कर्म 

पहचान और कार्रवाई कैसे हुई?
लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर तल रही बहस के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने बताया कि जिन लोगों ने आतंकियों को खाना और मदद पहुंचाई थी, उन्हें पहले ही हिरासत में ले लिया गया था। जब मारे गए आतंकियों के शव श्रीनगर लाए गए, तो इन्हीं लोगों से उनकी पहचान करवाई गई।

पहलगाम… ऑपरेशन सिंदूर और भारत का पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब
गौरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में इसी साल 22 अप्रैल को हुए कायराना आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना ने 6-7 मई की दरम्यानी रात ऑपरेशन सिंदूर चलाया था। पाकिस्तानी सीमा के भीतर दहशतगर्दों के पनाहगाह को नेस्तनाबूद करने के बाद भारत के सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडलों ने 33 देशों की राजधानियों का दौरा कर पाकिस्तान और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली सरकार की नीतियों को बेनकाब किया।

शिष्टमंडलों ने अल्जीरिया, डेनमार्क, ब्रिटेन, इथियोपिया, फ्रांस, इटली जैसे देशों में भारत का पक्ष मजबूती से रखा। ग्रीस, बहरीन, कतर, रूस, जापान और यूएई जैसे देशों में भी दहशतगर्दों के खिलाफ भारत की जीरो टॉलरेंस नीति बताई गई। वैश्विक मंचों पर पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत की कूटनीतिक मुहिम के तहत अलग-अलग दलों में शामिल 51 सांसदों के अलावा कई राजनयिक, पूर्व केंद्रीय मंत्री और राजनयिकों ने पाकिस्तानी दुष्प्रचार को धराशायी किया। अब संसद के मानसून सत्र में पहलगाम और ऑपरेशन सिंदूर पर विस्तृत चर्चा हुई।

See also  दुनिया के पहले ट्रिलियनेयर बनने की दहलीज़ पर एलन मस्क, संपत्ति 600 अरब डॉलर के पार