बिलासपुर में दिल दहला देने वाली घटना, खड़े ट्रेलर के इंजन में लगी आग, 3 साल के बच्चे की जलकर मौत

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में आज एक बड़ा हादसा हुआ, जहां खड़े ट्रेलर में आग लगने से 3 साल के मासूम की जलकर मौत हो गई। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है और मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है। यह मामला रतनपुर के सांधी पारा का है। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया है।

 

जानकारी के मुताबिक खड़े ट्रेलर CG10 BJ 9291 की सीट पर बालक अनमोल यादव सो रहा था। इस दौरान ट्रेलर के इंजन में आग लग गई। इस हादसे में मासूम अनमोल की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। बताया जा रहा कि पिता संजय यादव पेशे से ड्राइवर है। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

रतनपुर टीआई निलेश पांडेय ने बताया कि सांधीपारा में रहने वाले संजय यादव ड्राइवर हैं। काम के बाद वे ट्रेलर को अपने घर के पास ही खड़ा रखते थे। बुधवार को काम के बाद वे अपने घर आए थे। वाहन को घर के पास खड़ा कर वे घर पर आराम कर रहे थे। इसी दौरान उनका तीन साल का बेटा अनमोल ट्रेलर के केबिन में चढ़कर सो गया। इधर बुधवार की दोपहर कुछ लोगों ने ट्रेलर के केबिन से धुंआ निकलते देखकर संजय को इसकी सूचना दी। तब तक आग भड़क चुकी थी।

See also  जांजगीर में श्रीराम फाइनेंस कंपनी के फील्ड ऑफिसर गिरफ्तार, ग्राहक से पूरा पैसा लेकर थमाया फर्जी लोन क्लोजर लेटर

 

आसपास के लोगों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद किसी ने केबिन के अंदर झांककर देखा। केबिन की सीट पर एक बालक की जली हुई लाश थी। इसे देख आसपास के बच्चों की तलाश की गई। तभी पता चला कि अनमोल गायब है। पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि अनमोल हमेशा केबिन में चढ़कर खेलता था। बुधवार को भी वह घर के पास ही खेल रहा था। स्वजन को इसकी जानकारी नहीं थी। पूछताछ के बाद पुलिस ने शव चीरघर भेज दिया है।