जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण मेले में बड़ा हादसा होने की खबर सामने आ रही है, मेले में लगे आकाश झूले में घटना घटी है | जिसमें दो लड़कियां घायल हुई है | जिसमे एक लड़की की हालत गंभीर है | घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही एंबुलेंस सर्विस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायल लड़कियों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घायल लड़कियों की पहचान चन्द्रकांता कश्यप उम्र 15 वर्ष और भूमिका कश्यप उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम मलदा के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार आकाश झूले के एक केबिन से जुड़ा लोहे का पट्टा अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा। हादसे के समय दो युवतियां टिकट काउंटर पर टिकट ले रही थीं, तभी ऊपर से गिरा लोहे का पट्टा उनके सिर पर आ लगा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद मेला परिसर में हड़कंप मच गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आकाश झूले का संचालन जारी था, इसी दौरान झूले के एक केबिन का हिस्सा अचानक नीचे गिर गया। लोहे का पट्टा सीधे टिकट काउंटर के पास आकर गिरा, जहां खड़ी दोनों युवतियां उसकी चपेट में आ गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद करते हुए एंबुलेंस को सूचना दी। डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
मामले में टीआई राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। झूला संचालक तथा सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है। आगे की कार्रवाई जारी है।
मेले में सुरक्षा चूक: शिवरीनारायण में आकाश झूले की कुर्सी टूटी, दो घायल