पामगढ़ : घर में फंदे से लटकी हुई मिली नवविवाहिता की लाश, मायकेवालों ने हत्या का लगाया आरोप, जाँच में जुटी पुलिस

जांजगीर जिले के पामगढ़ के नगर पंचायत राहौद में एक नवविवाहिता की लाश फंदे से लटकती हुई मिली है| घटना को लेकर मायके वालों ने कई सवाल उठाए हैं | वे इसे आत्महत्या नहीं हत्या बताते हुए कड़ी जाँच की मांग कर रहे हैं | घटना राहौद चौकी क्षेत्र की है | फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।

 

मिली जानकारी के अनुसार 19 वर्षीय नवविवाहिता अंजलि निर्मलकर ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना 11 तारीख की बताई जा रही है| मृतका के परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला बताते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

 

मृतका की मां का कहना है कि घटना वाली रात करीब 8 से 9 बजे के बीच अंजलि मोबाइल पर रोते हुए बात कर रही थी और बता रही थी कि उसका पति उसके बाल पकड़कर मारपीट कर रहा है। वह काफी डरी हुई थी और बार-बार अपने मायके वालों को तुरंत लेने आने की गुहार लगा रही थी। परिजनों के पास उस बातचीत की वॉइस रिकॉर्डिंग भी होने का दावा किया गया है।

परिजनों का आरोप है कि शिकायत लेकर जब वे शिवरीनारायण थाना पहुंचे और मारपीट की जानकारी दी, तब भी पुलिस ने कोई त्वरित कार्रवाई नहीं की। इधर घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजन दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।

See also  मुख्यमंत्री निवास में जनदर्शन आज, 2 दिवसीय गोवा दौरे पर रवाना होंगे CM साय