बिलासपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, 4 लोगों की मौके पर ही मौत, गैस कटर से गाड़ी काटकर निकाले शव, ट्रेलर ने स्कॉर्पियो को मारी रॉन्ग साइड टक्कर

बिलासपुर 

बिलासपुर में रायपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में चार लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। घायल को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया.

देर रात करीब 2 बजे ट्रेलर (CG 11 BD 9044) सकरी-रतनपुर की ओर से रायपुर जा रहा था। इसी दौरान ट्रेलर अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में पहुंच गया और सामने से आ रही स्कॉर्पियो (CG 04 MQ 4220) को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर को भी अपनी चपेट में लेते हुए पलट गया। स्कॉर्पियो बुरी तरह डैमेज हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के अंदर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची।

 

सालगिरह मनाकर लौट रहा था परिवार

बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो में पांच लोग सवार थे, जो यादव ढाबा में आयोजित एक पारिवारिक शादी की 25वीं सालगिरह के कार्यक्रम में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम से लौटते ही कुछ ही दूरी पर यह दर्दनाक हादसा हो गया। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची. गैस कटर से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद शवों को वाहन से बाहर निकाला गया.पुलिस ने ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है. इस हादसे ने एक बार फिर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और रॉन्ग साइड चलने वाले भारी वाहनों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

See also  मछली पालन के लिए भी कृषि जैसे ही मिलेगी सस्ती बिजली और बिना ब्याज के ऋण की सुविधा

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बिलासपुर-रायपुर रोड पर तेज रफ्तार से आ रहे ट्रेलर ने सामने से आ रही स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

स्कॉर्पियो में सवार छत्रपाल रात्रे 37 वर्ष, विशाल लहरे 24 वर्ष, अनमोल लहरे 14 वर्ष और देवेंद्र मिरी 32 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई…वहीं प्रकाश रात्रे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.

 

ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार और लापरवाही इसकी वजह हो सकती है।