ऑस्ट्रेलिया की शानदार जीत, जॉर्जिया वोल के शतक ने भारत को किया पस्त

नई दिल्ली
ऑस्ट्रेलिया ने शुक्रवार को होबार्ट में खेले गए दूसरे मैच में भारतीय टीम को 5 विकेट से हराया। ऑस्ट्रेलिया ने इस जीत के साथ तीन मैचों की वनडे सीरीज अपने नाम कर ली है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 251 रन बनाए, इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने जॉर्जिया वोल की शतकीय पारी की बदौलत 83 गेंद शेष रहते मैच में जीत दर्ज की। ऑस्ट्रेलिया के लिए वोल ने सर्वाधिक 101 रन बनाए। भारत की ओर से काश्वी गौतम ने दो विकेट चटकाए।

भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 251 रन बनाए। प्रतिका रावल की 81 गेंद पर खेली गई 52 रन की पारी से भारत ने अच्छी शुरुआत की। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके लगाए। भारतीय टीम हालांकि बीच के ओवरों में लड़खड़ा गई। इसके बाद हरमनप्रीत ने 70 गेंद पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 54 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए 2-2 विकेट एलाना किंग, एनाबेल सदरलैंड और एश्ली गार्डनर ने निकाले।

See also  CWG 2026: मां बनने के बाद सीमा कालीरामना की दमदार वापसी, डिस्कस थ्रो में भारत के लिए जीता ब्रॉन्ज मेडल

ऑस्ट्रेलिया ने जॉर्जिया वोल (82 गेंद पर 101 रन, 13 चौके, एक छक्का) और फीबी लिचफील्ड (62 गेंद पर 80 रन) की उम्दा पारियों की मदद से 36.1 ओवर में पांच विकेट पर 252 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। इस तरह से ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ द्विपक्षीय वनडे सीरीज में अपना शानदार रिकॉर्ड जारी रखा। ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक भारत के खिलाफ सभी 12 द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीती हैं। इससे पहले तीन मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेली गई थी, जिसे भारतीय टीम ने 2-1 से अपने नाम किया था। इस दौरे पर 3-3 मैचों की टी20 और वनडे सीरीज और एक टेस्ट मैच भी टीम इंडिया को खेलना है।