खाड़ी युद्ध के चलते देश में रसोई गैस की किल्लत दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। जिससे जांजगीर जिला भी अछूता नहीं रहा है। कलेक्टर के निर्देशानुसार पूरे जिले में छापामार कार्यवाही चल रही है। जिससे कि गैस की कालाबाजारी और घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग रोका जा सके। पामगढ़ में खाद्य विभाग की टीम ने छापामार कार्यवाही की। इस दौरान कई रेस्टोरेंट और ढाबों से 11 घरेलू सिलेंडर जप्त किए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशानुसार खाद्य विभाग की टीम ने पामगढ़, एवं आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न होटलों और ढाबों में दबिश देकर “द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश, 2000” के उल्लंघन के मामले पाए गए, जिन पर जब्ती की कार्यवाही की गई।

जिला खाद्य अधिकारी श्री कौशल साहू ने बताया कार्रवाई के दौरान शेरगढ़ फैमिली रेस्टोरेंट एवं ढाबा से 03 घरेलू गैस सिलेंडर, प्रेशर रेगुलेटर एवं गैस पाइप जब्त किए गए। एल. के. होटल, मेउभाटा से 02 घरेलू गैस सिलेंडर (एक भरा एवं एक खाली), गैस चूल्हा, रेगुलेटर तथा पाइप जब्त किया गया। इसी प्रकार बाबा कैफे एण्ड पराठा हाउस से 02 घरेलू गैस सिलेंडर (14 किलोग्राम क्षमता वाले), रेगुलेटर, पाइप एवं दो मु एण्ड फैमिली रेस्टोरेंट से 02 घरेलू गैस सिलेंडर (एक भरा व एक खाली) तथा रेगलेटर जब्त किया गया |
वहीं इस कार्रवाई में कुल 11 घरेलू गैस सिलेंडर के साथ गैस चूल्हा, प्रेशर रेगुलेटर एवं गैस पाइप जब्त किए गए। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग प्रतिबंधित है और ऐसे मामलों में नियमों के तहत लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
