पामगढ़ : नहर में पानी के साथ बहता मिला नवजात का शव, मचा हड़कंप, जन्म के तुरंत बाद नहर में फेंकने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

जांजगीर जिले के पामगढ ब्लॉक में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नहर में नवजात शिशु का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। नहर में पानी के साथ बहते हुए एक नवजात का शव देखा गया। स्थानीय लोगों की नजर पड़ते ही मौके पर भीड़ जुट गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामला पामगढ़ थाना के ग्राम बारगाँव का है|

 

सूचना मिलते ही पामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नहर से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया। घटना की जानकारी फैलते ही क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया, वहीं बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए| प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि नवजात को जन्म के तुरंत बाद नहर में फेंका गया हो सकता है। हालांकि, अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच शुरू कर दी है।

See also  पामगढ़ के चंद्रकांत हुए यूनियन होम मिनिस्टर मेडल से सम्मानित, राज्यपाल ने किया अलंकृत

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है और यह जानने का प्रयास कर रही है कि आखिर नवजात को किसने और क्यों नहर में फेंका। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों ने दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।