आर्थिक तंगी और बैंक लोन की परेशान मां-पिता और बेटे ने खाया जहर, माँ-बेटे की मौत, पिता की हालत गंभीर

लखनऊ के बंथरा क्षेत्र के नींवा गांव में एक ही परिवार के तीन लोगों ने जहर खा लिया। मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि पिता की हालत गंभीर है। बेटे की जेब से सुसाइड नोट मिला है। शुरुआती जांच में आर्थिक तंगी और बैंक लोन की परेशानी सामने आ रही है।

 

Banthra Lucknow Suicide Case: राजधानी लखनऊ से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक ही परिवार के तीन लोगों ने जहर खा लिया। इस घटना में मां और बेटे की मौत हो गई, जबकि पिता की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार आर्थिक तंगी और कर्ज की परेशानी से जूझ रहा था।

 

यह घटना बंथरा क्षेत्र के नींवा गांव में शुक्रवार को सामने आई। मृतकों की पहचान तारावती (52) और उनके बेटे संदीप (30) के रूप में हुई है। वहीं परिवार के मुखिया रूपनारायण (55) की हालत गंभीर है। परिवार के छोटे बेटे कुलदीप ने सबसे पहले घर की हालत देखी। उसने बताया कि उसके पिता रूपनारायण उल्टियां कर रहे थे। वहीं मां और बड़ा भाई संदीप बेसुध हालत में पड़े थे और उनके मुंह से झाग निकल रहा था। यह देखकर कुलदीप घबरा गया और तुरंत UP Dial 112 पर फोन करके पुलिस को सूचना दी।

See also  NCERT की किताब में ‘40% नेता अपराधी’ दावा, न्यायपालिका में भ्रष्टाचार अध्याय पर वकीलों का विरोध

 

अस्पताल में मां-बेटे को मृत घोषित किया गया

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों को तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद मां तारावती और बेटे संदीप को मृत घोषित कर दिया। वहीं पिता रूपनारायण की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कर लिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

बेटे की जेब से मिला सुसाइड नोट

पुलिस जांच के दौरान एक अहम बात सामने आई। मृतक संदीप की जेब से एक सुसाइड नोट मिला है। उस पर लिखा था- “हम अपनी मौत के लिए खुद जिम्मेदार हैं।” पुलिस ने इस नोट को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि नोट की भी जांच कराई जाएगी।

चाय-समोसे का छोटा होटल चलाता था परिवार

स्थानीय लोगों के अनुसार रूपनारायण गांव के बाहर चाय और समोसे का छोटा होटल चलाते थे। इसी से परिवार का खर्च चलता था। बताया जा रहा है कि परिवार ने बैंक से लोन लिया हुआ था। कर्ज की रकम चुकाने में परेशानी होने के कारण रूपनारायण पिछले कई दिनों से काफी परेशान और गुमसुम रहते थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी आर्थिक दबाव के कारण परिवार ने यह कदम उठाया होगा।

See also  'ये कांवड़िये नहीं, गुंडे हैं' बयान पर मचा बवाल, स्वामी प्रसाद मौर्य के घर के बाहर प्रदर्शन

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। परिवार के अन्य सदस्यों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल सुसाइड नोट मिलने के बाद मामला आर्थिक तंगी और कर्ज के दबाव से जुड़ा माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।