जांजगीर जिला मे समझौते के बाद भी पति ने हरकतें नहीं बदली और पत्नी के साथ मारपीट और जबरन अप्राकृतिक कृत्य एवं दैहिक शोषण करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है | मामले का विवरण थाना चांपा क्षेत्र में पत्नी के साथ दहेज प्रताड़ना, मारपीट एवं जबरन दैहिक शोषण के गंभीर मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता की शादी वर्ष 2024 में रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही आरोपी पति द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। इस संबंध में पीड़िता ने पूर्व में भी दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया था।
कुछ समय पश्चात मामला माननीय न्यायालय में चलने के दौरान पति पत्नी के बीच आपसी सुलह के बाद दोनों पुनः साथ रहने लगे, किन्तु आरोपी का व्यवहार नहीं बदला। पीड़िता के साथ आरोपी ने मारपीट की और उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन अप्राकृतिक कृत्य करते हुए दैहिक शोषण किया।
पीड़िता की शिकायत पर थाना चांपा पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के विरुद्ध किसी भी प्रकार की हिंसा या शोषण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।