CG : बहू की प्रताड़ना से परेशान सास-ससुर ने मांगी इच्छामृत्यु, पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर बताई अपनी समस्या

सूरजपुर से एक हैरान कर देने वाली खबर निकलकर सामने आ रही है | आमतौर पर दहेज और घरेलू प्रताड़ना के मामलों में बहू के पीड़ित होने की खबरें सामने आती हैं। लेकिन सूरजपुर से एक उल्टा मामला सामने आया है, जहां बहू की प्रताड़ना से परेशान एक सास ने खुद इच्छामृत्यु की मांग कर दी। इस घटना ने पारिवारिक रिश्तों के बदलते स्वरूप और बढ़ते विवादों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

 

 

मिली जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के लटोरी की रहने वाली शकुंतला पाण्डेय ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपनी ही बहू पर मानसिक और आर्थिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि, उनकी बहू रागनी मिश्रा उन्हें लगातार परेशान कर रही है और पैसों की मांग कर रही है। शकुंतला पाण्डेय के अनुसार, 3 अक्टूबर 2021 को उनकी बहू ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाकर घर छोड़ दिया था। उस दौरान उनके बेटे वेद प्रकाश और पूरे परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।

See also  कलेक्टर ने की स्वास्थ्य विभाग के कामकाज की समीक्षा

 

 

अब करीब चार साल बाद बहू के वापस घर लौटने के बाद स्थिति फिर से तनावपूर्ण हो गई है। सास का आरोप है कि बहू दोबारा से मानसिक दबाव और आर्थिक मांगों के जरिए उन्हें परेशान कर रही है, जिससे तंग आकर उन्होंने इच्छामृत्यु की मांग कर दी। इस पूरे मामले में पुलिस ने आवेदन मिलने के बाद तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों को परिवार परामर्श केंद्र भेजा है, जहां आपसी समझाइश और सुलह का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस की कोशिश है कि दोनों पक्षों के बीच बातचीत से समाधान निकाला जाए।