गाजियाबाद के कविनगर थानाक्षेत्र में डेट के बहाने बुलाने के बाद युवक को बंधक बनाकर मारपीट करने और जबरन मोटी रकम वसूलने की कोशिश का मामला सामने आया है। इस पूरी घटना में युवती और रेस्टोरेंट का स्टाफ शामिल रहा। पीड़ित ने थाने में शिकायत देकर आरोपियों कार्रवाई की मांग की है।
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ स्थित सेक्टर-दो निवासी बलवंत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके मोबाइल पर एक अज्ञात युवती का कॉल आया। युवती ने खुद को परिचित बताते हुए उससे मिलने की इच्छा जताई और बातचीत के दौरान उसे गौर सिटी के पास बुलाया। पहले तो उसे शक हुआ, लेकिन युवती के लगातार भरोसा दिलाने पर वह तय स्थान पर पहुंच गया।
लड़की ने बिना पूछे महंगे खाने का दिया ऑर्डर
बलवंत सिंह के मुताबिक, गौर सिटी पहुंचने के बाद युवती ने दोबारा कॉल कर उसे ईगल हाउस रेस्टोरेंट के सामने बुलाया और खुद को वहीं खड़ा बताया। जब वह वहां पहुंचा तो युवती पहले से मौजूद थी और उसे सीधे रेस्टोरेंट के अंदर ले गई। आरोप है कि रेस्टोरेंट में बैठते ही युवती ने बिना उसकी सहमति के महंगे खाने-पीने का ऑर्डर दे दिया। वह कुछ समझ पाता उससे पहले ही करीब 20 मिनट में वेटर ने 18 हजार रुपये का भारी-भरकम बिल थमा दिया।
धमकी देकर बिल चुकाने का बनाया दबाव
बिना ऑर्डर दिए और बिना खाना खाए उसने बिल चुकाने से इनकार कर दिया। रेस्टोरेंट के स्टाफ ने उस पर बिल चुकाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। रेस्टोरेंट के स्टाफ ने कहा कि उसे हर हाल में बिल देना ही होगा, वरना अंजाम बुरा होगा।
चार युवकों ने बंधक बनाने के बाद जमकर पीटा
पीड़ित ने बताया कि इसी दौरान चार युवक अचानक रेस्टोरेंट में पहुंचे और उसे पकड़कर अंदर ही बंधक बना लिया। आरोप है कि करीब 20 मिनट तक उसके साथ मारपीट की गई। उसने किसी तरह खुद को छुड़ाया और मौके से बाहर निकलकर पुलिस को सूचना दी। घटना के संबंध में पीड़ित ने कविनगर थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। एसीपी कविनगर सूर्यबली मौर्य का कहना है कि 2 अप्रैल को युवती और चार अज्ञात युवकों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।
