नाम बड़े, परफॉर्मेंस जीरो! IPL के पहले हफ्ते में इन 5 स्टार खिलाड़ियों की हुई फजीहत

 नई दिल्ली

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन का पहला हफ्ता रोमांच, करीबी मुकाबलों और कुछ चौंकाने वाले नतीजों से भरपूर रहा. जहां कुछ नए और अनजान खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर सबको प्रभावित किया. वहीं कुछ ऐसे नाम भी रहे, जो उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए। 

हालांकि आईपीएल 2026 अभी शुरुआती दौर में ही है, लेकिन लगातार खराब प्रदर्शन के चलते कुछ स्टार खिलाड़ी शुरुआती हफ्ते के 'फ्लॉप प्लेयर्स' की लिस्ट में शामिल हो गए. आइए जानते हैं ऐसे 5 स्टार खिलाड़ियों के बारे में, जिनका आगाज मौजूदा सीजन में निराशाजनक रहा। 

अर्शदीप सिंह: पंजाब किंग्स (PBKS) के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह मौजूदा सीजन में उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए हैं. उन्होंने गुजरात टाइटन्स (GT) के खिलाफ 4 ओवर्स में 42 रन खर्च किए और कोई विकेट हासिल नहीं कर सके. इसके बाद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ भी वह महंगे साबित हुए और 4 ओवर में बिना विकेट लिए 41 रन लुटाए. खास बात यह रही कि उन्होंने गुजरात टाइटन्स के विरुद्ध मुकाबले में 11 गेंदों का ओवर भी फेंका, जो आईपीएल के इतिहास में संयुक्त रूप से सबसे लंबा ओवर रहा। 

See also  ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026: एलिस मर्टेंस और झांग शुआई ने महिला डबल्स का खिताब जीता

सूंज सैमसन: विकेटकीपर बल्लेबाज सूंज सैमसन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अब तक संघर्ष करते नजर आए हैं. तीन मैचों में उन्होंने 6, 7 और 9 रन बनाए हैं, जिससे उनकी फॉर्म पर सवाल खड़े हो गए हैं. संजू हालिया आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम के लिए मैच-विनर साबित हुए थे, लेकिन अब उनकी फॉर्म सीएसके के लिए सिरदर्द बन गई है। 

कैमरन ग्रीन: कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी कैमरन ग्रीन भी अभी तक अपने नाम के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं. वह चोट के कारण गेंदबाजी नहीं कर सके हैं और बल्लेबाजी में भी ज्यादा योगदान नहीं दे पाए. मुंबई इंडियंस (MI) के विरुद्ध ग्रीन ने 18 रन बनाए. वहीं सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ मुकाबले में वो 2 रनों के निजी स्कोर पर रन आउट हुए। 

केएल राहुल: दिल्ली कैपिटल्स (DC) के अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल का प्रदर्शन भी चौंकाने वाला रहा है. दो पारियों में वह सिर्फ 1 रन ही बना सके हैं, जबकि टीम उनसे बड़ी पारियों की उम्मीद कर रही थी. लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ राहुल खाता नहीं खोल पाए थे. जबकि मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले में राहुल ने 1 रन बनाए। 

See also  ICC ODI Batting Rankings: रोहित शर्मा बाहर, न्यूजीलैंड के सितारे ने नंबर-1 बनकर रचा इतिहास

वरुण चक्रवर्ती: कोलकाता नाइट राइडर्स के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी शुरुआती दो मैचों प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे हैं. मुंबई इंडियंस के खिलाफ उन्होंने 4 ओवर में 48 रन दिए, जबकि सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 2 ओवर्स में 31 रन खर्च किए. उनकी गेंदबाजी में निरंतता की कमी साफ दिखी है, साथ ही लेंथ-लाइन भी भटकी रही.

पहले हफ्ते के प्रदर्शन ने इन 5 खिलाड़ियों की फॉर्म और टीम में उनकी भूमिका को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं. आने वाले मैचों में इन स्टार खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।