पुणे में बिलासपुर के मजदूरों को बनाया बंधक, ठेकेदार और उसके गुर्गों ने की बेरहमी से पिटाई, बचकर भागी महिला ने एसपी ने लगाई गुहार

छत्तीसगढ़ के श्रमिकों के शोषण का एक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां बेहतर रोजगार का झांसा देकर महाराष्ट्र के पुणे ले जाए गए एक ही परिवार के कई सदस्यों को बंधक बनाकर प्रताड़ित किया जा रहा है। गर्भवती महिला के इलाज के लिए अपनी ही मेहनत की मजदूरी मांगना परिवार को भारी पड़ गया | ठेकेदार और उसके गुर्गों ने बेरहमी से पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

 

जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर जिले के पचपेड़ी थाना क्षेत्र अंतर्गत सुकुलकारी गांव के संतोष महिलांगे, उनकी पत्नी, कलाबाई भार्गव सहित परिवार के अन्य सदस्य नवंबर 2025 में काम की तलाश में पुणे गए थे। पुणे के लेबर ठेकेदार भुवनेश्वर राय और सुरेंद्र राय उन्हें बेहतर मजदूरी और सुविधाओं का झांसा देकर अपने साथ चांदे गांव ले गए। वहां पहुंचने के बाद उनसे लगातार मजदूरी कराई जा रही थी, लेकिन भुगतान नहीं किया गया।

See also  महासमुंद में माओवाद को बड़ा झटका, 15 नक्सलियों ने किया सरेंडर

 

 

पीड़ित दिलकुमार भार्गव के अनुसार, परिवार की एक महिला सदस्य गर्भवती है, जिसकी तबीयत बिगड़ने पर इलाज की जरूरत पड़ी। जब परिवार ने ठेकेदार से अपनी बकाया मजदूरी और इलाज के लिए पैसे मांगे, तो ठेकेदार आगबबूला हो गया। गाली-गलौज के बाद उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मजदूरों पर हमला कर दिया। इस हमले में कई लोगों को गंभीर चोटें आईं, जिनमें सिर फटने तक की नौबत आ गई।

 

विवाद के बाद ठेकेदार ने परिवार के मुखिया संतोष महिलांगे को जबरन बंधक बना लिया। स्थानीय स्तर पर मदद न मिलने पर, परिवार की एक महिला किसी तरह वहां से भाग निकली और बिलासपुर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से गुहार लगाई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ठेकेदार और उसके साथी मजदूरों के साथ मारपीट करते साफ नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया है।

 

बिलासपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महाराष्ट्र पुलिस से संपर्क साधा है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान और लोकेशन ट्रेस की जा रही है। साथ ही, बंधक बनाए गए श्रमिकों को सुरक्षित छुड़ाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। फिलहाल, पूरे मामले ने एक बार फिर दूसरे राज्यों में काम करने जाने वाले श्रमिकों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

See also  रायपुर : मरीजों की सेहत से समझौता नहीं - स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल