कोरबा जिला के शहर बुधवारी बाईपास मार्ग स्थित डिज्नीलैंड मेले में मारपीट का मामला सामने आया है। मेले में हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पूरा मामला मानिकपुर चौकी क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, झूले में बैठने को लेकर हुए विवाद के बाद डिज्नीलैंड के कर्मचारियों ने पति-पत्नी और उनके एक साथी के साथ मारपीट की। वायरल वीडियो में कुछ लोग युवकों को पीटते नजर आ रहे हैं, जिससे मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मारपीट करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की।
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि डिज्नीलैंड के मैनेजर समसुद्दीन खान, आकाश झूला के संचालक राहुल कुमार पासवान और कर्मचारी आनंद कुमार पासवान के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई है। बताया जा रहा कि पूरा विवाद झूले में झूलने को लेकर शुरू हुआ था, जो बाद में मारपीट में बदल गया। घटना के बाद मेले में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।