छत्तीसगढ़ में चोरी के शक में दो युवकों के साथ अमानवीय व्यवहार, जूते-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया, विडियो किया वायरल

सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में चोरी के आरोप में दो युवकों के साथ अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने दोनों युवकों को जूते-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया। इतना ही नहीं, उनके हाथ और पीठ पर कथित चोरी का सामान भी लाद दिया गया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।

जानकारी के अनुसार छिंदिया गांव निवासी धनसाय (35) और मुकेश (25) खेती-किसानी का काम करते हैं। दोनों पर खेत से समरसिबल पंप चोरी करने का आरोप लगाया गया। ग्रामीणों का दावा है कि दोनों को रंगे हाथ पकड़ा गया था।

 

आरोप लगने के बाद ग्रामीणों ने कानून अपने हाथ में लेते हुए दोनों युवकों को सार्वजनिक रूप से अपमानित किया। दोनों के गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाई गई और कथित चोरी का सामान उठवाकर गांवभर में घुमाया गया।

इस दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगा, जिसके बाद मामला पुलिस प्रशासन के संज्ञान में आया।

See also  छत्तीसगढ़ में VIP ट्रेड कंपनी पर कार्रवाई, 8 लाख से अधिक की ठगी में चार आरोपी गिरफ्तार

घटना सामने आने के बाद पीड़ित युवकों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। दोनों युवकों का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। यदि जांच में मारपीट और दुर्व्यवहार की पुष्टि होती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसडीओपी सूरजपुर अभिषेक पैकरा ने बताया कि पंप चोरी के आरोप में दो युवकों को जूते की माला पहनाकर गांव में घुमाने की घटना सामने आई है। शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। जांच में यदि मारपीट या अन्य अपराध की पुष्टि होती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून हाथ में लेने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रामानुजनगर थाना क्षेत्र में इस तरह की यह एक महीने के भीतर दूसरी घटना है। इससे पहले पस्ता गांव में भी चोरी के शक में एक युवक के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया था। उस घटना में युवक का आधा सिर मुंडवाकर उसके गले में जूतों की माला पहनाई गई थी। युवक को उसकी पत्नी के साथ गांव में घुमाते हुए मारपीट भी की गई थी। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था और सामाजिक व्यवहार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

See also  नक्सल विरोधी अभियान में निर्णायक कार्रवाई के लिए सीआरपीएफ ने छत्तीसगढ़ में 4,000 से अधिक जवान भेजे