बिलासपुर जिला के चकरभाठा क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद ने शुक्रवार देर रात खौफनाक रूप ले लिया। शक और पारिवारिक कलह के बीच गुस्से में आई पत्नी ने अपने पति पर हंसिए से हमला कर उसका प्राइवेट पार्ट काट दिया। गंभीर हालत में घायल पति को तत्काल इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की शिकायत पर पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। पुलिस घायल राजमिस्त्री के बयान के बाद आगे की कार्रवाई की बात कह रही है।
मिली जानकारी के अनुसार चकरभाठा निवासी राकेश कौशिक राजमिस्त्री का काम करते हैं। उनकी पत्नी द्रोपति कौशिक को लंबे समय से शक था कि राकेश का किसी दूसरी महिला से संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद और झगड़े होते रहते थे। शुक्रवार रात खाना खाने के बाद पूरा परिवार सो गया था। देर रात करीब एक बजे पति-पत्नी के बीच फिर इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। पति-पत्नी में देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर द्रोपति ने घर में रखे लोहे के हंसिए से राकेश पर हमला कर दिया।
घटना की जानकारी राकेश की बहन रेखा कौशिक को उनके भतीजे समीर कौशिक ने दी। रेखा कौशिक, जो नगर पंचायत बोदरी में कार्यरत हैं, ने पुलिस को बताया कि रात करीब एक बजे समीर उनके घर पहुंचा और दरवाजा खटखटाकर बताया कि उसके माता-पिता के बीच झगड़ा हुआ है तथा उसकी मां ने हंसिए से उसके पिता के प्राइवेट पार्ट पर वार कर दिया है।
सूचना मिलते ही रेखा कौशिक अपने भाइयों रमेश कौशिक और सुरेश कौशिक के साथ मौके पर पहुंचीं। स्वजन ने देखा कि राकेश घर के अंदर खटिया पर बैठे थे और उनके प्राइवेट पार्ट से लगातार खून बह रहा था। वहीं द्रोपति कौशिक कटे हुए अंग को अपने हाथ में पकड़े हुई थी। इसके बाद स्वजन तत्काल घायल राकेश और कटे हुए अंग को लेकर इलाज के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी पत्नी के खिलाफ अपराध दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने महिला का बयान लिया है। अब घायल राजमिस्त्री के बयान के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।