बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। मृतका के परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार देखते ही देखते महिला की हालत गंभीर हो गई और करीब 10 मिनट के भीतर उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कहा कि इंजेक्शन लगाने के बाद जब महिला की हालत बिगड़ी तो समय पर उचित उपचार नहीं दिया गया।
परिजनों का कहना है कि अगर तत्काल सही इलाज और निगरानी मिलती तो महिला की जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन जमा हो गए, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। घटना के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य व्यवस्था और अस्पतालों में मरीजों के उपचार को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। वहीं परिजन मामले में जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।