CG : चेकडैम में पिकनिक मनाने पहुंचे युवक-युवती की डूबने से मौत, परिवार में शोक का माहौल

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के पैरी नदी पर बने कूकदा पिकअप वियर में पिकनिक मनाने पहुंचे रायपुर के युवक-युवती की डूबने से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब युवती नहाते समय गहरे पानी में चली गई और उसे बचाने उतरा युवक भी नदी की तेज गहराई में समा गया। काफी तलाश के बाद दोनों के शव बरामद किए गए।

 

जानकारी के मुताबिक, रायपुर के शंकर नगर इलाके से चार दोस्त रविवार दोपहर गरियाबंद घूमने पहुंचे थे। सभी ने कूकदा पिकअप वियर के पास भोजन किया, जिसके बाद वे चेकडैम में नहाने उतरे। इसी दौरान 22 वर्षीय सिंपी सक्सेना अचानक गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के लिए 30 वर्षीय पीयूष मंडल पानी में उतरा, लेकिन वह भी गहराई में फंस गया। देखते ही देखते दोनों पानी में समा गए।

 

घटना के बाद साथ मौजूद अन्य दो दोस्तों ने शोर मचाया और स्थानीय लोगों के साथ पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पाण्डुका पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब एक घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद दोनों के शव बाहर निकाले गए। एसडीओपी निशा सिन्हा ने बताया कि मामले में पाण्डुका थाना में मर्ग कायम कर लिया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

See also  छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती: राज्यपाल श्री डेका ने किया नमन, वीरता और राष्ट्रभक्ति को किया याद

 

पिकनिक स्पॉट पर बढ़ रहे हादसे

गर्मी और छुट्टियों के मौसम में डैम, जलाशय और नदी किनारे पिकनिक मनाने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हालांकि सुरक्षा नियमों की अनदेखी कई बार जानलेवा साबित हो रही है। प्रशासन और पुलिस लगातार लोगों से गहरे पानी में न उतरने और सतर्क रहने की अपील कर रहे हैं।