बिलासपुर में छत पर सो रहा युवक करंट की चपेट में आकर गिरा नीचे, हुई मौत, घर में पसरा मातम

बिलासपुर जिला में एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय युवक की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान हरीश कुमार कोसले पिता सुंदर लाल कोसले, निवासी सिंघरी के रूप में हुई है। घटना थाना रतनपुर अंतर्गत ग्राम सिंघरी की है|

मिली जानकारी के अनुसार हरीश कुमार रोजी-मजदूरी का काम करता था और रात में अपने घर की छत पर सोया हुआ था। बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे के आसपास उसकी नींद खुली और वह किसी काम से उठा होगा। इसी दौरान घर की छत के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन की चपेट में आ गया, जिससे वह करंट लगने के बाद छत से नीचे जमीन पर जा गिरा।

 

गिरने की आवाज सुनकर परिजन जागे और आनन-फानन में उसे रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस अस्पताल पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे परिवार सहित दो छोटी-छोटी बच्चियों को छोड़ गया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

See also  पचपेड़ी : मदद का भरोसा देकर नवविवाहिता से दुष्कर्म, फिर फरार, घेराबंदी के बाद आरोपी गिरफ्तार