कांवड़ियों के भंडारे के लिए पांच मिनट में जुटे सात लाख रुपये

 मुजफ्फरनगर
कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर गुरुवार को यूपी के मुजफ्फरनगर में पुरकाजी नगर पंचायत सभागार में व्यापारियों और समाजसेवियों की बैठक में जब कांवड़ियों के लिए विशाल भंडारा लगाने को लेकर चर्चा हुई तो सिर्फ पांच मिनट में सात लाख रुपये जुट गए। बैठक में चेयरमैन जहीर फारूकी की पहल पर लाला सुखलाल सनातन धर्म इंटर कॉलेज में कांवड़ियों के लिए विशाल भंडारा लगाने का निर्णय लिया गया। चेयरमैन ने सबसे पहले एक लाख रुपये सहयोग देने की घोषणा की, जिसके बाद मात्र पांच मिनट में सात लाख रुपये से अधिक की राशि एकत्र हो गई।

बैठक में चेयरमैन जहीर फारूकी ने कस्बे के हिंदू-मुस्लिम समाज से मिलकर कांवड़ यात्रा में सेवा कार्य करने का आह्वान किया। संजय शर्मा ने एक लाख रुपये दिए, जबकि मनीष गोयल, मोनू प्रधान और निखिल गोयल ने 51-51 हजार रुपये देने की घोषणा की। भाजपा के वरिष्ठ नेता भारती खुल्लर ने 31 हजार रुपये का सहयोग दिया। अमित आसाम, दीपक माहेश्वरी, डॉ. महावीर समेत अन्य व्यापारियों ने भी सहयोग किया। बैठक में नगर के अनेक व्यापारी, समाजसेवी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

See also  श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद: नई पीठ के सामने डेढ़ घंटे चली बहस, 7 नवंबर को फिर होगी सुनवाई

श्रावण मास शुरू होते ही बढ़ गया शिवभक्त कांवड़ियों का आगमन
पवित्र श्रावण मास के प्रारंभ होते ही यूपी पूरी तरह से शिवभक्ति के रंग में सराबोर हो चुका है। हरिद्वार से जल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे शिवभक्त कांवड़ियों के आगमन से सभी प्रमुख कांवड़ मार्ग पट गए हैं। चारों ओर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष गूंज रहे हैं, जिससे वातावरण में आस्था की अद्भुत छटा बिखर गई है। कांवड़ यात्रा के सुचारू और सुरक्षित संचालन के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। कांवड़ मार्गों और प्रमुख चौराहों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है।

श्रावण मास के पहले दिन शिवालयों में जलाभिषेक
पवित्र श्रावण मास के शुभारंभ के साथ ही गुरुवार को धर्मनगरी के शिवालय हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठे। महीने के पहले ही दिन भगवान आशुतोष का जलाभिषेक करने के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह तड़के से ही शिव मंदिरों के बाहर लंबी-लंबी कतारें देखने को मिलीं।

See also  कुंदरकी विधानसभा सीट पर बड़ा उलटफेर ,11 मुस्लिमों के बीच अकेला हिंदू प्रत्याशी... कुंदरकी में कैसे रामवीर ठाकुर ने फहराया भगवा!

मुजफ्फरनगर के हृदय स्थल स्थित ऐतिहासिक शिव चौक पर श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के शिवलिंग पर जलाभिषेक करते हुए उनकी पूजा अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं गांधी कॉलोनी स्थित अनन्तेश्वर महादेव मंदिर और अंसारी रोड स्थित बोहरों का मंदिर में भी पूजन-अर्चन के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। इसके अलावा दाल मंडी के मंदिरों के साथ-साथ श्मशान घाट के सामने स्थित मंदिर, काली मंदिर, बावन जी मंदिर, नई मंडी के मंदिरों के अलावा शहर के तमाम मंदिरों में जलाभिषेक हुआ।