सुबह का वक्त वैसे ही घरों में काफी भागदौड़ वाला होता है. किसी के हाथ में चाय की प्याली होती है, कोई बच्चों को स्कूल भेजने में लगा रहता है तो कोई नाश्ते की तैयारी कर रहा होता है. ऐसे समय अगर दरवाजे की कुंडी बजे तो आमतौर पर लोगों को लगता है कि शायद दूधवाला, अखबारवाला या सब्जी वाला आया होगा. लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दरवाजे पर ऐसा मेहमान पहुंचता है, जिसे देखकर लोग पहले हैरान होते हैं और फिर अपनी हंसी नहीं रोक पाते.
वीडियो में एक बड़ा सा सांड सुबह-सुबह मोहल्ले के घरों के बाहर घूमता दिखाई दे रहा है. खास बात यह है कि वह सिर्फ दरवाजे के सामने खड़ा नहीं होता, बल्कि बाकायदा कुंडी बजाकर घरवालों का ध्यान अपनी ओर खींचता है. एक घर के बाहर पहुंचकर सांड अपने सिर और जीभ की मदद से कुंडी को हिलाता है. आवाज होते ही वह थोड़ा पीछे हटकर दरवाजा खुलने का इंतजार करने लगता है.
क्या दिखा इस वीडियो में?
दरवाजा खुलते ही सामने खड़े लोगों के लिए यह नजारा किसी हैरानी से कम नहीं होता. बाहर कोई इंसान नहीं, बल्कि एक विशाल सांड खड़ा नजर आता है. वह भी बिना किसी जल्दबाजी के बिल्कुल शांत रहता है, मानो उसे अच्छी तरह पता हो कि अब उसे रोटी मिलने वाली है.
बताया जा रहा है कि मोहल्ले के लोग भी सांड की इस आदत से परिचित हो चुके हैं. कई घरों से उसे रोटी या कुछ खाने के लिए दिया जाता है. शायद इसी वजह से उसने भी अपने लिए एक खास तरीका खोज लिया है. सुबह होते ही वह घरों का चक्कर लगाता है और जिस घर से खाना मिलने की उम्मीद होती है, वहां पहुंचकर कुंडी बजा देता है.
सोशल मीडिया यूजर्स को सांड का यह अंदाज काफी मजेदार लग रहा है. वीडियो पर लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं. कोई इसे इंसानों से ज्यादा समझदार बता रहा है तो किसी का कहना है कि अब घर-घर दस्तक देने की जिम्मेदारी दूधवाले या अखबारवाले की नहीं, बल्कि सांड ने संभाल ली है. कुछ लोग मजाक में यह भी कह रहे हैं कि सांड ने मोहल्ले के घरों की अपनी पूरी लिस्ट बना रखी है.
View this post on Instagram