झारखंड के जमशेदपुर में दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित श्री कृष्णा उद्यान अपार्टमेंट में बदमाशों ने जनगणना कर्मी बनकर एक फ्लैट में प्रवेश किया और घर में अकेली मौजूद महिला को बंधक बनाकर मारपीट की. आरोप है कि बदमाश महिला के गले से सोने की चेन और कान की बाली लूटकर फरार हो गए. वारदात के बाद बदमाश पीड़िता को फ्लैट की बालकनी में बंद कर गए. किसी तरह महिला ने शोर मचाकर पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी.
जानकारी के मुताबिक, घटना के समय लीलावती अम्मा अपने फ्लैट में अकेली थीं. इसी दौरान एक महिला उनके घर पहुंची और खुद को जनगणना विभाग की कर्मी बताकर बातचीत करने लगी. बताया जा रहा है कि बातचीत के बहाने उसने फ्लैट में प्रवेश किया. कुछ देर बाद दो युवक भी वहां पहुंच गए. आरोप है कि इसके बाद तीनों ने मिलकर लीलावती अम्मा को धक्का देकर फ्लैट के अंदर काबू में कर लिया और उन्हें बंधक बना लिया.
सीलमपुर में दिनदहाड़े लूट: कारोबारी से डेढ़ करोड़ का सोना लेकर फरार हुए बदमाश
महिला को बनाया बंधक
पीड़िता के अनुसार, बदमाश करीब आधे घंटे तक उन्हें फ्लैट में बंधक बनाए रहे. इस दौरान आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जेवर लूट लिए. महिला के गले से सोने की चेन और कान की बाली उतरवा ली गई. आरोप है कि विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और मारपीट भी की. हमले में लीलावती अम्मा के मुंह में गंभीर चोट आई है और उनका एक दांत भी टूट गया.
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी फ्लैट से निकल गए, लेकिन जाते-जाते पीड़िता को बालकनी में बंद कर दिया. बदमाशों के फरार होने के बाद महिला ने बालकनी से शोर मचाना शुरू किया. उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग और पड़ोसी मौके पर पहुंचे. पड़ोसियों ने किसी तरह उन्हें बालकनी से बाहर निकाला और घटना की जानकारी परिवार के लोगों को दी.
कर्नाटक में SBI बैंक में दिनदहाड़े 20 किलो सोना और कैश लूट, मिर्च पाउडर फेंक कर घुसे बदमाश
पुलिस मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही पीड़िता के पति बी.एस. पिल्लै भी मौके पर पहुंचे. बताया गया है कि वह डिमना स्थित एक ऑटो शोरूम में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं. परिवार के लोगों के पहुंचने के बाद घटना की सूचना मानगो थाना पुलिस को दी गई. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता व आसपास के लोगों से घटना की जानकारी ली.
पुलिस अब अपार्टमेंट और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. जांच टीम उस महिला और दोनों युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है, जिन्होंने कथित तौर पर जनगणना कर्मी बनकर फ्लैट में प्रवेश किया था. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों ने वारदात को पहले से योजना बनाकर अंजाम दिया या फिर किसी अन्य तरीके से फ्लैट की जानकारी हासिल की थी.
दिनदहाड़े चोरी से दहशत
दिनदहाड़े अपार्टमेंट में हुई इस वारदात के बाद इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है. लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी चिंता जताई है. फिलहाल मानगो थाना पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास जारी है.