प्रसूता को देख अकलतरा में 1 घंटे खड़ी  रही ‘साउथ बिहार’ एक्सप्रेस, ट्रेन में ही महिला की हुई डिलीवरी, जुड़वा बच्चे 

डिलीवरी के लिए ससुराल जा रही महिला को ट्रेन में ही प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। पति ने टीटी को स्थिति से अवगत कराया तो अकलतरा स्टेशन में साउथ बिहार एक्सप्रेस को रोक दिया। ट्रेन के अलग-अलग कोच में यात्रा कर रहे डॉक्टर व स्टाफ नर्स को ट्रेन खड़ी होने की वजह पता चली तो वे स्वयं उस कोच में पहुंच गए जहां महिला प्रसव पीड़ा से जूझ रही थी। बलौदा बीएमओ और दो स्टाफ नर्स ने मिलकर ट्रेन में ही महिला की डिलीवरी कराई। महिला ने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। इसके बाद दोनों बच्चों व महिला को अकलतरा के ही अस्पताल में भर्ती कराया। मां और दोनों बच्चे स्वस्थ्य हैं।

रायपुर की प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले राजीव चौधरी की पत्नी गर्भवती थी, डिलीवरी के लिए ही राजीव पत्नी पूजा चौधरी काे साउथ बिहार एक्सप्रेस में लेकर अपने घर जा रहे थे। उन्होंने राजेंद्र नगर जाने के लिए रिजर्वेशन कराया। उनका रिजर्वेशन एस 9 कोच में था। वे दोनों मंगलवार की सुबह ट्रेन में सवार हुए। ट्रेन अकलतरा से पहले पहुंची थी, तब महिला को लेबर पैन होने लगा। महिला की स्थिति को देखकर उनके पति ने लेबर पेन होने की जानकारी टीटी को दी। टीटी पहले चांपा में गाड़ी रोकने वाले थे, लेकिन जब लेबर पेन बढ़ गया गया तो अकलतरा स्टेशन में ही ट्रेन रोकनी पड़ी। ट्रेन अपने नियत समय 10:56 बजे प्लेटफार्म नंबर 3 पर पहुंची, टीटी युवराज नायडू ने जानकारी स्टेशन मास्टर पीके बाला को दी तो उन्होंने ट्रेन रोक दी।

See also  रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की सौजन्य मुलाकात

पहले बच्चे की डिलीवरी के बाद दर्द कम नहीं हुआ तो एलएलएम पद्धति से कराया दूसरे बच्चे का प्रसव, अस्पताल में तीनों स्वस्थ्य


डॉक्टर को हुई जानकारी तो खुद पहुंचे

ट्रेन से बलौदा बीएमओ श्रीकेश गुप्ता भी बिलासपुर से अकलतरा पहुंचे थे। उन्हें जब प्लेटफार्म में लोगों से महिला के प्रसव पीड़ा की जानकारी हुई तो वे उस कोच में पहुंचे जहां महिला दर्द से परेशान थी। उसी ट्रेन में स्टाफ नर्स कविता बंसोड़ एवं एक अन्य स्टाफ नर्स अनुपमा सिंह भी यात्रा कर रहीं थीं। जब इन दोनों को घटना की जानकारी हुई तो ये दोनों भी उस कोच में पहुंचे। इन तीनों ने मिलकर डिलीवरी कराई।

जुड़वा बच्चे को दिया जन्म

डॉक्टर व स्टॉफ नर्स की टीम ने पहले एक बच्चे की डिलीवरी कराई, इसके बाद भी महिला का दर्द कम नहीं हुआ तो डॉक्टर की टीम को एक और बच्चा पेट में होने की आशंका हुई। तब डॉक्टर की टीम ने एलएसएम पद्धति से महिला का प्रसव कराया और एक और बच्चे को महिला ने जन्म दिया। इसके एक घंटा बाद ट्रेन को रवाना किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री को दी जानकारी
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव को यात्री द्वारा ट्रेन में डिलवरी होने की सूचना मोबाइल से दी गई। श्री सिंहदेव ने प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राघवेन्द्र कुमार सिंह को अकलतरा स्टेशन भेजा। उन्होंने डिलवरी के बाद महिला एवं दोनों नवजात को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया, एवं घटनाक्रम के संबंध में स्वास्थ्य मंत्री को जानकारी दी।

See also  महासमुंद : जिले में अब तक 274.3 मिलीमीटर औसत वर्षा