रायपुर(एजेन्सी)। छत्तीसगढ़ के केन्द्रीय जेल में बंद दो गैंग के सदस्यों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ जो कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों गैंग के सदस्यों ने एक दूसरे पर लाठियों और नुकीले हथियारों से हमला कर दिया। इस घटना में कुछ कैदियों के घायल होने की जानकारी मिल रही है, जिन्हें जेल के अस्पताल में दाखिल कराया गया है। उधर जेल प्रबंधन इस तरह की किसी भी घटना से इंकार कर रहा है।
कई गंभीर मामलों में जेल में बंद रक्सेल गैंग के गुर्गों और रफीक गैंग के गुर्गों के बीच पुरानी रंजिश के चलते खूनी संघर्ष हुआ। जेल के सूत्रों के मुताबिक गिलास को काटकर चाकूनुमा हथियार बनाया गया था। इससे संजय रक्सेल और उसके गुंडों ने रफीक और उसके गुर्गों के ऊपर हमला कर दिया।
दोनों गुटों में हुई मारपीट में रफीक नाम के युवक को मामूली चोटें आई है। घायल का जेल अस्पताल में इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि बैरक नंबर एक और तीन में रफीक गैंग और बैरक नंबर दो में रक्सेल गैंग के गुर्गे बंद हैं।
इधर इस मामले में केन्द्रीय जेल और डीजी प्रभारी केके गुप्ता ने इस पूरी घटना से ही इनकार कर दिया है। हालांकि उन्होंने जेल में आए दिन कैदियों के बीच झड़प होने की बात स्वीकार किया है। उन्होंने कहा कि ऐसी कोई घटना नही हुई है। जेल में भीड़ होने के कारण अक्सर कैदियों के बीच मे झड़प होती रहती है, कोई बड़ी घटना नहीं हुई।