महासमुंद में जीवित व्यक्तियों का बना दिया मृत्यु प्रमाण पत्र

Johar36garh (Web Desk)|महासमुंद जिले के पटेवा थाना क्षेत्र के बनपचरी गांव में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। यहां दो जीवीत लोगों को ही मृत करार दे दिया गया है। मामला सामने आने के बाद से पंचायत में हड़कंप मच गया और तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं है। मामले की शिकायत दोनों पीड़ित महिला व पुरूष ने पटेवा पुलिस से की है।

बताया जा रहा है कि श्रम विभाग से मृत्यु दावा की राशि 30 हजार रूपए निकाली जा सके इसलिए यह फर्जीवाड़े का खेल खेला गया है। इससे पहले भी श्रम विभाग में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा होने और दलालों की सक्रियता की शिकायतें मिलती रही है। इस खुलासा के बाद एक बार फिर श्रम विभाग की कार्यप्रणाली और फर्जीवाड़ा चर्चा में है।

इस संबंध में ग्राम पंचायत बनपचरी (पटेवा) के सरपंच अभय लाल कुम्भकार ने को बताया कि 4 जुलाई को उनके पंचायत के सचिव रामगोपाल चौहान को इस मृत्यु दावा की पड़ताल के लिए श्रम विभाग से फोन आया तब मामले की जानकारी हुई। फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए पंचायत के चपरासी से मिलीभगत करके गांव में चॉइस सेंटर संचालित करने वाले एक युवक ने मृत्यु प्रमाण पत्र पुस्तिका से एक पन्ना चोरी किया और सचिव का हस्ताक्षर डिजिटल कॉपी करके जीवित लोगों का मृत्यु प्रमाण पत्र बना दिया। इसके आधार पर ऑनलाइन मृत्यु दावा आवेदन श्रम विभाग महासमुन्द में किया गया है।

See also  Breaking : VIDEO : जांजगीर जिला में डिवाईडर से टकराई बाइक, 1 की मौक, 2 गंभीर

मृत्यु प्रमाण पत्र से जीवित लोगों को मृत घोषित करने के गंभीर अपराध की पुलिस जांच जारी है। पुलिस सरपंच, सचिव, ग्रामीण और चॉइस सेन्टर संचालक से पूछताछ कर रही है। जीवित ग्रामीणों को मृत घोषित कर फर्जीवाड़ा करने के ऐसे और भी मामले श्रम विभाग में होने की आशंका जताई जा रही है। बहरहाल, पटेवा पुलिस मामले की जांच के बाद समुचित कार्यवाही करने की बात कह रही है।