CG : नर्स को बीच चौराहे पर बदमाशों ने घसीट-घसीट कर पीटा, दहशत में लोग

JJohar36garh News|छत्तीसगढ़ का अंबिकापुर शहर मंगलवार शाम को बीच चौराहे पर शर्मसार हो गया। कार सवार बदमाशों ने एक फीमेल नर्स से बदतमीजी की हदें पार कर दीं। नशे में धुत बदमाशों ने पहले तो स्कूटी से जा रही नर्स को टक्कर मारी। जब वह सड़क पर गिर गई तो उसे घसीट कर चौक तक ले गए और पीटते रहे। किसी तरह उसने डॉक्टर को जानकारी दी। वह मौके पर पहुंचे तो बदमाशों ने उन्हें भी पीटा। खास बात यह रही कि इस दौरान भीड़ तमाशबीन बनी रही। इसके बाद बदमाश वहां से भाग निकले।

मंगलवार शाम लगभग चार बजे शहर के एक निजी अस्पताल में नर्स का काम करने वाली युवती स्कूटी से घर जाने के दौरान रेड सिग्नल पर आकाशवाणी चौक में रूकी तो पीछे से पहुंचे कार सवारों ने उसे पहले ठोकर मारी। नर्स ने पीछे मुड़कर देखा तो कार सवार दो युवक नीचे उतरे और गालीगलौज कर बीच चौराहे पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। युवाओं का हौसला इतना बढ़ा हुआ था कि वे बेखौफ चौक पर गुंडागर्दी कर रहे थे और चारों सड़क पर लोगों की भीड़ जमा थी। पीड़िता ने हिम्मत कर संस्थान में जानकारी दी तो वहां से बीच-बचाव के लिए एक चिकित्सक मौके पर पहुंचे, तब तक मारपीट करने वालों ने अपने परिचितों को भी बुला लिया था और उन्होंने चिकित्सक के साथ भी हाथापाई की। इसके पहले युवाओं का आतंक जारी था। उन्होंने नर्स को बीच चौराहे पर घसीटा भी था लेकिन उनके हौसले को देखते हुए बीच-बचाव की हिम्मत कोई नहीं जुटा सका था। भीड़ तमाशबीन बनी हुई थी।

See also  CG : हाथ-पैर बांधकर ऑटो चालक की बेदम पिटाई, विडियो बनाकर किया वायरल 

डायल 112 और पुलिस की पेट्रोलिंग वाहनें भी मौके पर पहुंच गई थी लेकिन गुंडागर्दी करने वालों को पकड़ने की हिम्मत नहीं जुटाई गई। बीच चौराहे पर आतंक का माहौल निर्मित कर मारपीट करने वाले बड़े आराम से वहां से चले गए। बाद में कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। चौक के चारों ओर भीड़ जमा थी। नर्स और चिकित्सक को वहां से निकालकर सीधे कोतवाली ले जाया गया। दिनदहाड़े हुई घटना के बावजूद शहर की पुलिसिंग को खुली चुनौती देने वालों को पकड़ने के बजाए कोतवाली में पुलिस पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट दर्ज करने प्रार्थी खोजती रही। पुलिस कर्मियों के सामने घटनाक्रम हुआ लेकिन प्रार्थी कौन बनेगा, इसकी फिक्र पुलिस को लगी रही। भयभीत नर्स की ओर से कथित रूप से रिपोर्ट दर्ज कराने से इंकार पर जिस संस्थान में वह काम करती है वहां के कर्मचारी को रिपोर्ट दर्ज करने तैयार किया गया।