प्रेमिका के चौखट पर प्रेमी ने लगाई अपने ऊपर आग, मची अफरा तफरी, जाने की है मामला

JJohar36garh News|यूपी के सिद्धार्थनगर में सोमवार की रात जो घटना घटी उसने पुलिस ही नहीं आसपास के लोगों को भी हैरान कर दिया है। दरअसल एक युवक का एक युवती से कई दिनों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवती ने प्रेमी के ऊपर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का झूठा केस दर्ज करा रखा था। प्रेमी इसी केस को वापस लेने के लिए युवती से कहने के लिए उसके घर गया और वहां पर उसने खुद को आग लगा ली। आग लगने से प्रेमी 50 फीसदी तक झुलस गया था। झुलसे प्रेमी को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया है।  

शिवनगर डिड़ई क्षेत्र के तिलौला गांव निवासी युवक जितेंद्र मिश्र (22) पुत्र अर्जुन मिश्र का खेसरहा थाना क्षेत्र के एक गांव की दलित युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पूर्व युवती ने पुलिस को तहरीर देकर शादी का झूठा झांसा देकर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया था। पुलिस ने युवक के खिलाफ केस दर्ज लिया था और विवेचना सीओ बांसी देवी गुलाम कर रहे थे। युवक सोमवार की रात घर से शौच के बहाने निकला और प्रेमिका के खेसरहा थाना क्षेत्र के गांव पहुंच गया। वह प्रेमिका के घर पहुंच कर उससे केस वापस लेने की मांग कर रहा था। यह भी कह रहा था कि अगर केस वापस नहीं लिया तो वह आत्महत्या कर लेगा।

See also  राफेल और तेजस नहीं, अब अदृश्य 'अभिमन्यु' देगा दुश्मनों को चुनौती, S-400 और THAAD भी रह जाएंगे असहाय

बताया जा रहा कि युवती या उसके परिजनों की ओर से कोई जवाब नहीं मिला तो उसने किसी ज्वलनशील पदार्थ को खुद पर छिड़क कर आग के हवाले कर दिया। उसको जलता देख अफरातफरी मच गई। किसी ने झुलसे युवक के परिजनों को सूचना दी। युवक के पिता अर्जुन मिश्र गांव के कुछ लोगों के साथ मौके पर पहुंच गए। तब तक वह 50 फीसदी से ज्यादा झुलस चुका था। उसे लेकर सीएचसी तिलौली गए जहां से हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल पहुंचने पर हालत नाजुक बनी रहने की वजह से उसे मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।

शिवनगर डिड़ई थानाध्यक्ष अभिमन्यु सिंह ने बताया, मामला प्रेम प्रसंग का है। युवक ने खुद से आग लगाई है। उसे इलाज के लिए परिवारीजन अस्पताल ले गए। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।