एक वीडियो कॉल रिसीव और हो जाती है जिंदगी तबाह, कई लोग कर चुके हैं आत्महत्या

हाल-फिलहाल राजस्थान के अलवर जिले के गोथरी गुरु गांव की काफी चर्चा हो रही है. ये चर्चा इस वजह से हो रही है क्योंकि इस गांव से देशभर में बड़े लेवल पर सेक्सटॉर्शन रैकेट चलाया जाता है. पुणे के दो युवाओं की आत्महत्या मामले में जब पुलिस ने जांच करना शुरू किया तो इसके तार इसी गांव से जुडे़ मिले. देश में कई सेक्सटॉर्शन रैकेट के मास्टरमाइंड को पुणे पुलिस ने राजस्थान के अलवर जिले के गोथरी गुरु गांव से गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान अनवर खान के रूप में की गई है.

देश में ‘सेक्सटॉर्शन’ के मामले लगातार बढ़ रहे हैं जिनमें साइबर अपराधी सोशल मीडिया स्पेस का उपयोग कर रहे हैं. इस स्कैम में यूजर्स को एक वीडिया कॉल आती है, कॉल रिसीव करते ही  दूसरी तरफ बैठा शख्स अपने कपड़े उतारने लगता है. जब तक फोन रिसीव करने वाला कुछ समझ पाते हैं तब तक स्कैमर्स का काम हो जाता है.

अगर आप भी किसी अंजान नंबर से वॉट्सऐप पर आई कॉल को बहुत जरूरी समझकर उठा लेते हैं और आपके साथ भी ये खेल हो सकता है, जिसकी शायद आपने कभी कल्पना भी ना की हो.

See also  योगी सरकार का कड़ा कदम, संपत्ति छुपाने वाले राज्यकर्मियों का वेतन रोका

क्या है सेक्सटॉर्शन, कैसे इसके जाल में फंस जाते हैं लोग

जैसे आपने अंजान नंबर से आई वॉट्सऐप वीडियो कॉल रिसीव की, तो दूसरी तरफ आपको कोई खूबसूरत महिला या लड़की दिखाई देगी. कॉल शुरू होते ही वह अपने कपड़े उतारने शुरू कर देगी. जबतक आप कॉल को डिस्कनेक्ट करेंगे या समझने की कोशिश करेंगे तबतक स्कैमर्स आपका वीडियो बना चुका होगा.

अब अगले ही पल एक दूसरे नंबर से आपको कॉल आएगी और यहां से शुरू हो जाएगा ब्लैकमेलिंग का धंधा. अब गिरोह में शामिल लोग ब्लैकमेल करने के लिए टेक्स्ट मैसेज भेजना शुरू करते हैं जिसमें आपको वीडियो भेजकर धमकी दी जाती है, ‘पैसा भेजो…बताओ, नहीं कर दूं वायरल?’ उसके बाद यह वीडियो थोड़ी देर बाद आपको वॉट्सऐप नंबर या फिर फेसबुक पर किसी कथित पुलिस अधिकारी के नाम से आता है.आप अपना खुद का वीडियो देखकर शर्मसार हो जाते हैं और किसी से कुछ कह नहीं पाते.

तनाव भरी हो जाती है जिंदगी

ज्यादातर लोगों को लगता है कि गलती की है तो कुछ पैसे देकर ऐसे मामले को रफा-दफा करने में ही भलाई है. वहीं बहुत से लोग अपना मोबाइल नंबर ब्लॉक कर देते हैं. तो कुछ लोग अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स तक को डिलीट कर देते हैं और तनाव में रहने लगते हैं. यह चुप्पी सेक्सटॉर्शन गैंग के लिए फायदेमंद साबित होती है.

See also  महाराष्ट्र में भारी बारिश का कहर: 12 मौतें, 16 लंबी दूरी की ट्रेनें रद्द

अंजान नंबर से आए वीडियो कॉल को रिसीव ना करें

स्कैमर्स बहुत स्मार्ट तरीके से लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं और ऐसे मामलों में उन्हें ट्रैक कर पाना मुश्किल होता है. एक राज्य से दूसरे राज्य के लोगों को टार्गेट करते हैं. ऐसे में उन्हें ट्रैक कर पाना मुश्किल होता है. कॉलिंग के लिए वे अलग-अलग नंबर्स का इस्तेमाल करते हैं.

इस तरह की कॉल्स से आप नहीं बच सकते हैं, लेकिन आपको सिर्फ सावधानी रखनी होगी. किसी भी अननोन नंबर से आने वाली वीडियो कॉल को रिसीव ना करें. लेकिन अगर गलती से आप इस हादसे का शिकार हो जाते हैं, तो ब्लैकमेलिंग के लिए तुरंत आपको कॉल आएगी. बेहतर होगा की आप उस कॉल को इग्नोर करें और इस मामले की जानकारी जल्द से जल्द साइबर पुलिस को दें.

इस तरह से चलता है सेक्सटॉर्शन का रैकेट

सेक्सटॉर्शन के रैकेट में आमतौर पर कई लोग शामिल होते हैं, उनमें से एक पीड़ित की पहचान करता है और न्यूड वीडियो बनाने के लिए उससे चैट करता है और बाद में फिरौती के लिए उन्हें धमकी देता है.

See also  ग्रामीणों की जीविका का जरिया बन रहा है माघ मेला 2026

दूसरा ग्रुप सिम कार्ड देते हैं और फिर कुछ ऐसे बैंक खाते तैयार करते हैं जहां फिरौती की रकम जमा की जाती है.

कुछ लोग लोगों को फंसाने के लिए उनकी निजी जानकारी, फोटोग्राफ या फिल्म बनाने में लगे होते हैं ताकि बाद में पैसे वसूलने के लिए उनका इस्तेमाल किया जा सकें. इस तरह से पूरा गैंग इसमें इन्वॉल्व होता है.

कैसे बचें सेक्सटॉर्शन से

सोशल मीडिया पर या वॉट्सएप पर किसी अनजान व्यक्ति/व्यक्तियों से फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करते समय पूरी सावधानी बरतें.

सोशल मीडिया साइट्स पर निजी जानकारी शेयर करते समय दिए गए प्राइवेसी कंट्रोल का उपयोग करें.

यदि किसी मामले में पैसे की मांग की जा रही है तो घटना की सूचना अपने क्षेत्र के साइबर अपराध/सीईएन पुलिस थानों को तत्काल दें.

अगर कोई अंजान व्यक्ति पर संदेह हो जो मेलजोल बढ़ाने की कोशिश कर रहा है तो सावधान हो जाएं.

किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर किसी भी पर्सनल या बेहद निजी गतिविधि को साझा न करें और न ही किसी को देखने या कैप्चर करने की अनुमति दें.(Agency)