कोरबा : नई नवेली दुल्हन को लेकर लौट रहा चार पहिया वाहन पलटा, 1 बच्चे की मौत, आधा दर्जन से अधिक लोग घायल

कोरबा जिला के बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नई नवेली दुल्हन को लेकर लौट रहा एक चारपहिया वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कसरेंगा से कोरबा के दादर खुर्द गवना कराकर दुल्हन को लेकर लौट रहा वाहन (क्रमांक CG 11 BJ 9084) दो नंबर डबरीपारा मोड़ के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन में करीब एक दर्जन लोग सवार थे, जिनमें अधिकांश महिलाएं और बच्चे शामिल थे।

बताया जा रहा है कि यह वाहन सर्वमंगला चौकी क्षेत्र के सोनपुरी गांव का है, जिसे किराए पर लिया गया था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल बांकी मोंगरा स्थित SECL अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए दर्री CSP भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। वहीं, हादसे के बाद वाहन चालक के मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई है, जिसकी तलाश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

See also  बिजली बिल भुगतान काउंटर बंद,  आनलाइन करने का आग्रह