सक्ती जिले के उच्चपिड़ा स्थित RKM पावर प्लांट में लापता हुए कर्मचारी सुरेश कुमार टंडन की दर्दनाक मौत की पुष्टि हुई है। सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए| बड़ी संख्या में परिजन प्लांट के मुख्य गेट बाहर पहुचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है| घटना सक्ती जिला के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत की है|
मिली जानकारी के अनुसार, सुरेश कुमार टंडन 27 फरवरी की सुबह ड्यूटी पर पहुंचे थे, लेकिन शिफ्ट के बाद घर नहीं लौटे। परिजनों द्वारा गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद पुलिस और प्रबंधन द्वारा जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान प्लांट परिसर में कन्वेयर बेल्ट के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मानव अवशेष मिलने की जानकारी सामने आई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कन्वेयर बेल्ट की चपेट में आने से यह हादसा हुआ है। हालांकि, पुलिस द्वारा पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश है। परिजन प्लांट प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि होगी।