जांजगीर जिला के पामगढ़ में संचालित स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट एक्सीलेंस इंग्लिश मीडियम स्कूल में आज आचार ने बवाल मचा दिया। इसे खाने से लगभग दर्जन भर से अधिक बच्चे बीमार पड़ गए। आनन फानन में सभी बच्चों को पामगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां सभी बच्चों का उपचार किया गया। बच्चों के तबीयत खराब होने की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। सभी जिम्मेदार अधिकारी बच्चों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे। फिलहाल सभी का उपचार जारी है। वही पामगढ़ एसडीएम ने इस इस घटना पर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी से जवाब मांगा है।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को पामगढ़ के स्वामी आत्मानंद इंग्लिश स्कूल में हमेशा की तरह बच्चे मध्यान भोजन कर रहे थे। इसी बीच स्कूल के प्रिंसिपल आरके बंजारे को सूचना मिली कि कुछ बच्चों की तबीयत कुछ ठीक नहीं लग रही है। उन्होंने तत्काल जानना चाहा कि खाने में क्या दिक्कत है। पता चला कि आचार कुछ ठीक नहीं लग रहा है। जिस पर तत्काल उन्होंने बच्चों को आचार देने से रुकवाया। साथ ही सभी बच्चों से आचार नहीं खाने के निर्देश दिए। स्थिति को भापते हुए उन्होंने तत्काल ब्लॉक चिकित्सा अधिकारी को जानकारी दी।
मौके पर डॉक्टर हेमंत लहरे दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। परीक्षण उपरांत सभी बच्चों को उन्होंने पामगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। पामगढ़ एसडीएम और फूड इंस्पेक्टर ने आचार के डब्बे को सील कर जप्त कर लिया। जिसे परीक्षण के लिए भेजा गया है। जिसकी रिपोर्ट दो से तीन दिन में आ जाएगी। अस्पताल में लगभग एक दर्जन से अधिक बच्चे पहुंचे थे। जिसमें कुछ बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। जबकि 12 बच्चों का उपचार किया गया। बच्चों ने बताया कि आज मध्यान्ह भोजन में पत्ता गोभी की सब्जी बनाई गई थी। जिसके साथ अचार परोसा गया था। फिलहाल बच्चों की तबीयत किस वजह से बिगड़ी यह रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा।