जांजगीर जिला के अकलतरा में सीमेंट से भरी पिकअप ने बाइक से जा रहे मां बेटे को अपने चपेट में ले लिया। घटना में मां की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया इसका एक हाथ फैक्चर हो गया। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने चक्कर जाम कर दिया। लगभग 4 घंटे चक्का जाम के बाद मामला शांत हुआ। घटना मुलमुला थाना क्षेत्र के ग्राम बनाहिल की है।
मिली जानकारी के अनुसार नरियारा निवासी बेगम बाई पति ईश्वरी घृतलहरे उम्र 40 साल अपने पुत्र विनय घृतलहरे उम्र 25 साल के साथ बाइक में सवार होकर दोपहर 12:30 बजे के आसपास नरियारा से जांजगीर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे बनहिल के पास पहुंचे थे कि अकलतरा की ओर से सीमेंट से भरी पिकअप गाड़ी ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया जिससे घटनास्थल पर ही महिला की मौत हो गई जबकि उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर पता चला कि उसके हाथ में फैक्चर आ गया है।

इधर घटना की सूचना मिलते ही आक्रोशित परिजन व ग्रामीण मौके पर चक्का जाम कर दिए। ग्रामीण तत्काल वाहन चालक को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे और उचित मुआवजा की मांग पर अड़े हुए थे। शाम 5 बजे के आसपास जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में आक्रोशित ग्रामीणों को शांत किया गया इसके बाद रास्ता फिर से बहाल किया हुआ।
पिकअप वाहन चालक की ओर से मृतक के परिजनों को तत्काल राहत राशि के रूप में 50 हजार रूपए दिए। जबकि तहसीलदार द्वारा शासन की ओर से 25 हजार रूपए की राशि देने की बात कही। साथ ही घायल पुत्र को कही नौकरी दिलाने की बात हो रही थी। इसके बाद परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जाने दिया।
