सात वर्षीय छात्रा को शिक्षक ने बेरहमी से पीटा उखाड़े बाल, बच्ची की चीख सुनकर सहमे अन्य छात्र, गलती 5 मिनट की देरी

एटा के जैथरा विकास खंड के ग्राम नगला बली स्थित एसपीएस पब्लिक स्कूल में अध्ययनरत एक सात वर्षीय छात्रा को शिक्षक ने बेरहमी से पीटा। हैवान बने शिक्षक के छात्रा के बालों को उखाड़ लिया। इस छात्रा की गलती सिर्फ इतनी थी कि वो स्कूल पांच मिनट देरी से पहुंची थी। घटना की जानकारी मिलन ने के बाद छात्रा के परिजन स्कूल पहुंच गए। छात्रा की मां की शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

 

छात्रा नित्या लंच ब्रेक के दौरान खाना खाने घर गई थी। समय से पांच मिनट विलंब से विद्यालय लौटने पर शिक्षक संतोष का गुस्सा भड़क उठा। आरोप है कि शिक्षक ने छात्रा को क्रूरतापूर्ण ढंग से डंडे से पीटा। इतना ही नहीं शिक्षक ने छात्रा के सिर से बाल भी खींच लिए। मासूम छात्रा की चीखें विद्यालय की दीवारों से टकराती रहीं, लेकिन शिक्षक का दिल नहीं पसीजा। इस अमानवीय कृत्य को देखकर अन्य छात्र-छात्राएं भी सहम गए।

See also  श्रमजीवी महिला छात्रावासों के निर्माण कार्य में तेजी

 

शिक्षक संतोष के कहर से डरी सहमी नित्या ने रात में अपने परिजनों को घटना के बारे में बताने में भी काफी समय लिया। आखिरकार डरते-डरते उसने अपनी मां सरोज को आपबीती सुनाई। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित छात्रा की मां, सरोज पत्नी अमरदीप, निवासी माया ने तुरंत कोतवाली में शिक्षक संतोष के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है।

इस घटना ने आम लोगों को झकझोर दिया है। उनका कहना है कि सरकार बेटियों को पढ़ाने और सुरक्षित रखने के लिए अथक प्रयास कर रही है, लेकिन ऐसे शिक्षक बेटियों की सुरक्षा के लिए एक बड़ा खतरा हैं। लोगों में गहरा आक्रोश व्याप्त है और वे ऐसे विद्यालयों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।