सक्ती जिले के एक युवक की ईंट से वार कर बेदर्दी से हत्या कर दी है | घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान राहुल कुर्मी उम्र लगभग 24 वर्ष के रूप में हुई है, जो गांव में ‘राहुल ऑटो सेंटर’ का संचालन करता था। घटना मालखरौदा थाना के ग्राम पंचायत बंदोरा की है |
मिली जानकारी के अनुसार अज्ञात व्यक्तियों द्वारा युवक पर देर रात ईंट से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना ग्राम सरपंच द्वारा पुलिस चौकी को दी गई, जिसके बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सक्ती, फॉरेंसिक टीम और पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। फिलहाल घटना के कारणों और आरोपियों के संबंध में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि मृतक राहुल के माता-पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर गए हुए थे और वह घर में अकेला रह रहा था। इसी दौरान अज्ञात लोगों द्वारा इस वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका है।
घटना की खबर मिलते ही गांव में दहशत का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
समाचार लिखे जाने तक किसी भी आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है।