रायपुर से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां रेलवे स्टेशन के पास एक युवती ने होटल के कमरे से कूदकर आत्महत्या कर ली है। इस खबर के सामने आते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना के बाद मृतका क शव को पुलिस की टीम ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार रायपुर रेलवे स्टेशन के पास स्थित सिद्धि विनायक नाम के होटल में रुकी एक लड़की ने बुधवार दोपहर कमरे से छलांग लगा दी। छलांग लगाने के बाद युवती सीधे जीआरपी एसपी ऑफिस कैंपस में गिरी। युवती को सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। युवती के शव के पास से होटल के कमरे की चाबी बरामद हुई है, जिसके मुताबिक युवती होटल के रूम नंबर 405 में रुकी हुई थी और इसी कमरे से उसने छलांग लगाई है।
इस हादसे की सूचना मिलते ही गंज थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और युवती के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अब तक सामने आई जानकरी के अनुसार, युवती मानसिक रूप से परेशान बताई जा रही है। वहीं पुलिस की टीम होटल स्टाफ और आस-पास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
मौके पर पहुंची टीम ने शव की पहचान करवाई, जिसमें मृतका की पहचान कुमारी हनी गुप्ता (25 वर्ष) के रूप में हुई। वह मूल रूप से रायगढ़ जिले के चक्रधर थाना क्षेत्र की निवासी थी और वर्तमान में रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र अंतर्गत सड्डू स्थित राजधानी विहार में रह रही थी। जांच के दौरान एक अहम तथ्य सामने आया कि मृतका के परिजनों ने पहले ही उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट 7 मार्च 2026 को थाना विधानसभा में दर्ज कराई थी।
इस मामले में पुलिस ने गुम इंसान क्रमांक 42/2026 कायम किया था। बाद में विधानसभा थाना पुलिस ने 11 मार्च को हनी गुप्ता को दस्तयाब भी कर लिया था। हालांकि, इसके बाद वह फिर से किन परिस्थितियों में होटल पहुंची और उसने यह कदम क्यों उठाया, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है कि युवती पिछले कुछ दिनों से होटल में ठहरी हुई थी।