CG : घर में घुसकर बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला, होंठ और सीने में आई चोट, चीख-पुकार के बीच भागा आरोपी युवक, दहशत में पूरा परिवार

सक्ती जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक बुजुर्ग महिला ने गांव के ही एक युवक पर घर में घुसकर जानलेवा हमला करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से सुरक्षा की गुहार लगाई है। मामला जैजैपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बर्रा का है।

 

ग्राम बर्रा निवासी केवरा बाई चंद्रा ने शिकायत में बताया कि 28 मार्च की रात करीब 12:30 बजे गांव का ही महेन्द्र सिदार उसके घर में घुस आया और उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की।
पीड़िता के मुताबिक, जब वह चिल्लाई तो युवक ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उसके होंठ और सीने में चोट आई। आधी रात की इस वारदात के दौरान घर में मौजूद 6 साल का नाती और 4 साल की नातिन भी जाग गए। बच्चों की चीख-पुकार सुनते ही महेन्द्र सिदार मौके से फरार हो गया।

महिला ने बताया कि उसके दोनों बेटे रायगढ़ में काम करते हैं, जिन्हें उसने फोन पर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद 29 मार्च को जैजैपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद भी उसका आतंक कम नहीं हुआ। पीड़िता का कहना है कि 30 मार्च की रात वह हथियार लेकर उसके घर के सामने गाली-गलौज करता रहा, जिससे पूरा परिवार दहशत में है।

See also  राशन कार्ड से संबंधित समस्याओं का जल्दी हो निराकरण- डॉ. सिंह

 

इतना ही नहीं, जब पीड़िता एसपी कार्यालय जेठा में शिकायत करने पहुंची, तब भी वह उसका पीछा करते हुए वहां तक पहुंच गया। डरी-सहमी बुजुर्ग महिला ने पुलिस प्रशासन से महेन्द्र सिदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई और तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए अपनी जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।