छत्तीसगढ़ : बस-ट्रक में भिड़ंत, 4 मजदूरों की मौत, कई घायल, नांदघाट के पास की घटना 

Johar36garh (Web Desk)|छत्तीसगढ़ बेमेतरा जिले के नांदघाट थाना इलाके के नेशनल हाईवे में मजदूरों से भरी बस और ट्रक की आमने-सामने जबरदस्त टक्कर हुई है. जिसमें 4 मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि इस हादसे में कई मजदूर घायल हो गए है. जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. ये सभी मजदूर लॉकडाउन के बीच अपने घर जा रहे.

यह घटना सुबह करीब 9 बजे रायपुर-बिलासपुर मार्ग के टेमरी गांव के पास हुई है. बस क्रमांक सीजी 08 एम 0565 में सवार सभी मजदूर छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं. पुणे से बस के जरिए अपने घर लौट रहे थे. उसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया. भयावह हादसे को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि बस की दो ट्रकों से भिड़ंत हुई है, जिससे बस और ट्रक दोनों के परखच्चे उड़ गए हैं.नांदघाट थाना प्रभारी वीके कोमरा ने बताया कि मजदूर पुणे से छत्तीसगढ़ पहुंचे थे.
इस बस में राजनांदगांव, बिलासपुर, रायपुर समेत कई जिले के मजदूर सवार थे. हादसे में 4 मजदूरों की जान चली गई. कई मजदूर घायल भी है, जिनको अस्पताल में भर्ती करवाया गया है. फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है.

See also  बिलासपुर में नहीं है कोई संक्रमित, सभी कटघोरा के थे, IPS अधिकारी ने ट्वीट कर दी जानकारी