Johar36garh (Web Desk)|छत्तीसगढ़ जशपुर जिले के पत्थलगांव में रात को घर में सो रहे 70 वर्षीय बुजुर्ग को हाथी ने सूंड़ से लपेटकर बाहर खींचा और पैरों से कुचल दिया। वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्राम पंचायत लुड़ेग के पंडरीबहला गांव के निवासी साधु टोप्पो (75) घर में पत्नी के साथ सो रहे थे। शुक्रवार रात को तकरीबन दस बजे गांव में 13 हाथियों का दल घुस आया। हाथियों ने बस्ती के किनारे में स्थित साधु टोप्पो के घर को उजाड़ना शुरू कर दिया। नींद में होने और श्रवण शक्ति कमजोर होने की वजह से वृद्घ दंपती को हाथियों के हमले की आहट नहीं मिली। दीवार को ध्वस्त करने के बाद एक हाथी ने वृद्घ को सूंड में लपेटकर बाहर खींच लिया और उसके सिर को बुरी तरह से कुचल दिया। बारिश की वजह से घटनास्थल की मिट्टी गिली थी।
हाथी के कुचलने से मृतक का सिर तक मिट्टी में धंस गया। हाथियों की चिंघाड़ और घर गिरने की आवाज से पूरी बस्ती में खलबली मच गई। एकजुट हो कर बस्तीवासियों ने घंटों की मशक्कत के बाद टॉर्च, मशाल और ढोल की सहायता से हाथियों के दल को वन क्षेत्र की ओर खदेड़ा।