CG : दो मंजिला इमारत में फंदे से लटकती मिली छात्र की लाश, नीट परीक्षा की कर रहा था तैयारी, जांच में जुटी पुलिस

राजधानी के पुरानीबस्ती थाना क्षेत्र अंतर्गत भांठागांव स्थित अवधपुरी में नीट की तैयारी कर रहे एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। शुरूआती जानकारी के मुताबिक छात्र ने दो मंजिला इमारत से गले में जीआई तार बांधकर छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रायगढ़ निवासी पुष्पेंद्र पटेल के रूप में हुई है। वह भांठागांव में किराए के मकान में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था। घटना के बाद वह फंदे पर लटका हुआ मिला, जिसे देख इलाके में हड़कंप मच गया। इस दौरान आसपास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

 

सूचना मिलते ही पुरानीबस्ती थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। छात्र के इस कदम के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

See also  रायपुर : छत्तीसगढ़ में खेलों का विकास हमारी प्राथमिकता- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय