जांजगीर : कांग्रेस विधायक बालेश्वर को मिली जमानत, 50 हजार रुपए के मुचलके पर हुए रिहा

जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू को सेशन कोर्ट से जमानत मिलने के बाद आज जिला जेल खोखरा से रिहा कर दिया गया, विधायक की रिहाई की खबर मिलते ही जेल परिसर खोखरा में समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, सैकड़ों कार्यकर्ता और समर्थक विधायक के स्वागत के लिए मौजूद रहे इस दौरान ढोल-नगाड़ों के साथ गाजे-बाजे बजे और जमकर आतिशबाजी की गई।

जेल से बाहर आने के बाद विधायक बालेश्वर साहू सीधे बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास पहुंचे, जहां उन्होंने माल्यार्पण कर संविधान के प्रति आस्था व्यक्त की, इसके बाद वे अपने वाहन में संविधान की पुस्तक लेकर सवार हुए और “सत्यमेव जयते” का उद्घोष किया, समर्थकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें फर्जी मामले में फंसाया गया है और राज्य सरकार के दबाव से किसान राजकुमार शर्मा द्वारा एक सुनियोजित षड्यंत्र रचा गया।

मीडिया से बातचीत में विधायक बालेश्वर साहू ने कहा कि पिछले करीब 10 वर्षों से उन पर सहकारी बैंक से किसान की पर्ची और पासबुक रखकर लोन लेने का आरोप लगाया जा रहा था, लेकिन अब तक हुई तमाम जांच में उनके खिलाफ कोई भी ठोस सबूत या फर्जीवाड़ा सामने नहीं आया। उन्होंने कहा कि न्यायालय ने उन्हें जमानत दी है और वे न्यायाधीश को प्रणाम करते हैं। यह सत्यमेव जयते की जीत है, संविधान की जीत है और उस समाज के युवाओं की जीत है जो सच्चाई के साथ खड़े हैं।

See also  पालिका कार्यालय में खून-खराबा, तलाकशुदा पति ने लोहे के सूजा से महिला पर किया जानलेवा हमला, हुई खून से लथपथ

विधायक ने आरोप लगाया कि इस पूरे मामले की कहानी मनगढ़ंत है। जिन लोगों ने फर्जी केस दर्ज कराकर अपनी रोजी-रोटी चलाई और संपत्तियां बनाई हैं, उनके खिलाफ जांच होनी चाहिए। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से भी आग्रह किया कि मामले की गंभीरता को समझते हुए निष्पक्ष जांच कराई जाए और सच्चाई सामने लाई जाए।

बालेश्वर साहू ने कहा कि वे न्याय और संविधान में पूरा भरोसा रखते हैं। जेल से बाहर आने के बाद अब उनका पूरा ध्यान जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास पर रहेगा। उन्होंने कहा, “जिसे जो करना था उसने कर लिया, अब मुझे अपना काम करना है और अपने क्षेत्र के लोगों के लिए पूरी ताकत से काम करना है।”