रायगढ़ जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र का रायकेरा गाँव बुधवार देर शाम दहशत में डूब गया। यहाँ के माझा पारा में 80 वर्षीय बुजुर्ग सुकमेत सिदार और उनके 60 वर्षीय दामाद लक्ष्मण सिदार की नींद में गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है। हमलावरों ने परिवार पर उस वक्त वार किया जब वे गहरी नींद में थे। इस जघन्य वारदात में सुकमेत की बेटी भी गंभीर रूप से घायल हैं और नाजुक हालत में टिंगनी अस्पताल में भर्ती हैं। हत्याकांड की असली वजह क्या है, यह अभी पुलिस जाँच का विषय है, लेकिन पूरे गाँव में मुआवज़ा राशि को लेकर तरह-तरह की चर्चाएँ हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, मृतका सुकमेत सिदार को हाल ही में प्लांट से बड़ी मुआवज़ा राशि मिली थी। इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि यह दोहरी हत्या संपत्ति के बँटवारे को लेकर परिवार या करीबी रिश्तेदारों के बीच चल रहे तनाव का नतीजा हो सकती है। यह आशंका गहरी है कि वारदात को अंजाम देने वाला कोई करीबी भेदी ही है। देर रात वारदात की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी कुमार गौरव ने तत्काल एसडीओपी सिद्धांत तिवारी को मामले से अवगत कराया। घटना की गंभीरता देखते हुए गुरुवार सुबह धरमजयगढ़ एसडीओपी के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए संदिग्धों पर शिकंजा कसा है। मृतक दामाद लक्ष्मण सिदार के बेटे और एक पड़ोसी को हिरासत में लिया गया है और उनसे सघन पूछताछ चल रही है। फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी कुमार गौरव का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और हिरासत में लिए गए लोगों की पूछताछ के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों और साजिश की पूरी सच्चाई का खुलासा होगा।
महिलाओं को सरकार दे रही 5 लाख का लोन, वो भी बिना किसी ब्याज के, जाने कैसे मिलेगा फायदा