आंध्र प्रदेश में रविवार को बड़ा रेल हादसा हो गया। रात को एक एक्सप्रेस ट्रेन सीधे जाकर खड़ी ट्रेन से भिड़ गई। इस हादसा में 9 लोगों की मौत हो गई और 32 घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर रेलवे व प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे। मुख्यमंत्री वाईएस जगन रेड्डी ने रेल हादसा पर दु:ख जताया और घायलों को बेहतर मेडिकल सर्विस का निर्देश जारी किया।
पैसेंजर ट्रेन, आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में विशाखापट्टनम से रायगड़ा जा रही थी। लेकिन ओवरहेड केबल टूटने के कारण वह ट्रैक पर ही खड़ी हो गई। इसी बीच, दूसरी तरफ से पलासा एक्सप्रेस खड़ी ट्रेन से टकरा गई। इस हादसा में करीब तीन डिब्बे ट्रैक से उतर गए। पूर्व मध्य रेलवे सीपीआरओ ने कहा कि विजयनगरम से रायगढ़ जा रही एक ट्रेन के विशाखापत्तनम से पलासा जाने वाले मार्ग पर जा रही एक यात्री ट्रेन से टकराने के बाद डिब्बे पटरी से उतर गए।
ट्रेन हादसा पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाईएस जगन रेड्डी ने मारे गए लोगों के परिजन के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ऑफिस ने सोशल मीडिया पर एक बयान में कहा: मुख्यमंत्री ने विजयनगरम जिले में कंटकपल्ली ट्रेन दुर्घटना की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने अधिकारियों को त्वरित राहत उपाय करने और यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया कि घायलों को मेडिकल सर्विस तत्काल मुहैया कराया जाए। मुख्यमंत्री ने विशाखापत्तनम और अनाकापल्ली के नजदीकी जिलों से अधिक से अधिक एम्बुलेंस भेजने और आसपास के अस्पतालों में चिकित्सा उपचार प्रदान करने के लिए सभी प्रकार की व्यवस्था करने को कहा है।
मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। यह सहायता उन मृतकों के परिजनों को मिलेगी जो आंध्र प्रदेश से हैं। दूसरे राज्यों के मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए दिए जाएंगे। आंध्र प्रदेश के गंभीर रूप से घायल यात्रियों को 2-2 लाख रुपए और अन्य राज्यों के गंभीर रूप से घायल यात्रियों को 50,000 रुपए मिलेंगे।
#WATCH आंध्र प्रदेश में हुई ट्रेन दुर्घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य विजयनगरम में जारी है।
वीडियो ड्रोन से लिया गया है। pic.twitter.com/pHkD11nHRx
— ANI_HindiNews (@AHindinews) October 30, 2023

