जांजगीर चांपा जिला के नगर पंचायत हसौद गन्ना रस निकालने वाली मशीन में हाथ फसने से एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया, एंगल कटर की सहायता से मशीन को काटकर दुर्घटनाग्रस्त युवा के हाथ को मशीन से बाहर निकाला गया तब कहीं जाकर घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने चैन की सांस ली, दुर्घटनाग्रस्त युवक को डायल 112 की मदद से सीएससी ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के पश्चात घायल युवक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है. जहां 6 अप्रैल गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया, हादसे में गन्ना रस निकाल रहा एक युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया.
दरअसल हसौद निवासी राकेश पटेल बजरंग चौक हसौद में गन्नाजूस बेचकर जीवन यापन करता है, गुरुवार की सुबह लगभग 9 बजे वह ग्राहकों को गन्नाजूस पिलाने के लिए गन्नारस निकालने गन्ने की पिराई कर रहा था उसी दरमियान मशीन में गन्ना लगाते समय युवक का हाथ मशीन के अंदर फस गया. मशीन में हाथ दबने से युवक दर्द से चिल्ला उठा जिसे सुनकर आसपास के लोगों ने मशीन को तत्काल बंद कर युवक की जान बचाई. मशीन में दबकर युवक के दाहिने हाथ की उंगलियां पूरी तरह से जख्मी हो गई हैं और हाथ से रक्त बहने लगा. गनीमत रही कि पूरा हाथ मशीन में नहीं आया नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था.
गन्ना मशीन चालू कर युवक गन्ने की पिराई कर रहा था उसी दरमियान उसका दाहिना हाथ मशीन के अंदर चला गया और उसके हाथ की उंगलियां मशीन में दबकर चकनाचूर हो गई. घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने कई अलग-अलग तरकीबें अपनाई और मशीन के अंदर फसे हाथ को बाहर निकालने की हर मुमकिन कोशिश की गई, लेकिन लोगों की कोशिशें नाकाम रही और लगभग डेढ़ घंटे तक युवक का हाथ मशीन के अंदर फसा रहा. थक हार कर घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना डायल 112 की टीम को दी, सूचना पाकर आरक्षक रंजीत जांगड़े और चालक तुलेश्वर जयसवाल मौके पर पहुंचे जहां दोनों ने सूझबूझ और समझदारी दिखाई. दोनों ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों की सहायता से एंगल कटर का इस्तेमाल कर मशीन को काटकर युवक का हाथ मशीन से बाहर निकाला और तत्काल युवक को सीएससी जैजैपुर ले जाकर अस्पताल में भर्ती कराया.
मशीन में दबकर युवक की पांचों उंगलियां चकनाचूर हो गई थी रक्तरंजित अवस्था में युवक दर्द से घंटों कराहता रहा. हाथ से लगातार खून बह रहा था. असहनीय दर्द और मशीन से लिपटे हाथ को देखकर युवक बिलक बिलककर रो रहा था. इस दौरान उसके आसपास मौजूद लोग जख्मी राकेश पटेल का हौसला बढ़ा रहे थे. दुर्घटनाग्रस्त युवक के सीएससी पहुंचने पर डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के पश्चात युवक के हाथ की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसके बेहतर उपचार के लिए उसे जिला अस्पताल जांजगीर रेफर कर दिया है.