Fire in Jhansi: दो शोरूम में लगी भीषण आग, इंश्योरेंस कंपनी की महिला अधिकारी की जलकर मौत; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

झांसी, जागरण टीम। सीपरी बाजार क्षेत्र में रामा बुक डिपो चौराहा के पास स्थित इलेक्ट्रॉनिक सामान के दो बड़े शोरूम में दोपहर बाद भीषण आग लग गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंची, लेकिन घंटों तक मशक्कत के बाद भी देर रात तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका। मदद के लिए सेना के जवान भी आ गए तो प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया। मध्य प्रदेश के निकटवर्ती जिले दतिया से भी दमकल की गाड़ियां मंगाई गईं। इस घटना में लगभग आधा दर्जन लोग झुलस गए, जबकि लपटों में घिरकर इंश्योरेंस कंपनी की महिला अधिकारी की मौत हो गई। दो लोगों के बिल्डिंग में फंसे होने की सूचना पर देर रात तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहा।
लेक्‍टॉन‍िक शोरूम में आग
सीपरी बाजार थाना क्षेत्र स्थित रामा बुक डिपो चौराहा के पास वीआर ट्रेडर्स के नाम से नितेश अग्रवाल का इलेक्ट्रॉनिक सामान का शोरूम है। इसके ठीक बगल में वेल्यू प्लस नाम का शोरूम भी है। इसमें भी इलेक्ट्रॉनिक सामान की बिक्री होती है। दोनों शोरूम में टीवी, एलईडी, एलसीडी, कम्प्यूटर, लैपटॉप, कूलर, एसी, फ्रिज, मोबाइल फोन, वॉशिंग मशीन, पंखे आदि सामान की बिक्री होती है। वीआर ट्रेडर्स की बिल्डिंग में ही तीसरी मंजिल पर यूनाइटेड इंश्योरेन्स कंपनी का कार्यालय भी था, जिसे कुछ समय पहले ही खोला गया था।

See also  Waqf Board पर लगाम कसने की अटकलें, वक्फ बोर्ड, कैसे आती है उसके पास संपत्ति

साइन बोर्ड में लगी आग कैसे फैली
सोमवार को दोपहर लगभग 3.30 बजे वीआर ट्रेडर्स के ऊपर लगे साइन बोर्ड में आग लग गई। जलते हुए साइन बोर्ड तीसरी और दूसरी मंजिल से होते हुए नीचे प्रथम तल व बेसमेंट के बाहर गिरे, जिससे यहां खड़ी गाड़ियों ने आग पकड़ ली और फिर लपटों ने शोरूम के सभी तलों को चपेट में लेना शुरू कर दिया। देखते ही देखते आग पूरी बिल्डिंग में फैल गई। यह आग हवा के चलते बगल में बनी वेल्यू प्लस की बिल्डिंग में पहुंच गई। तीन मंजिला इस बिल्डिंग में भी इलेक्ट्रॉनिक सामान इसकी चपेट में आ गया। पलभर में फाइवर, प्लास्टिक के इलेक्ट्रॉनिक सामान ने आग पकड़ ली और लपटों ने विकराल रूप ले लिया।

रेस्‍क्‍यू ऑपरेशन जारी
उधर, सूचना मिलने पर एक के बाद एक दमकल की गाड़ियां आती रहीं और आग पर काबू पाने का प्रयास होता रहा, मगर सफलता नहीं मिली। इस दौरान महानगर के सभी थानों की पुलिस व सीओ सिटी मोर्चा संभाले रहे। दो घंटे बाद पहुंचे पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने स्थिति को अनियंत्र‍ित होते देख तुरंत पारीछा पावर हाउस, हेडिलबर्ग सीमेंट कंपनी, बीएचईइएल, दतिया, निवाड़ी से मदद मांगी, मगर यह मदद भी नाकाफी साबित हुई। इसके बाद सेना से सहयोग मांगा गया। एक के बाद एक सेना की गाड़ियां व टैंकर वहां पहुंचे और आग को काबू करने में जुट गए। इस दौरान रेस्क्यू ऑपरेशन भी शुरू हो गया।

See also  लखनऊ में ओला, उबर के ड्राइवर ने की स्‍ट्राइक

मह‍िला की जलकर मौत
आग ने वीआर ट्रेडर्स के बगल में बने एक पुराने दो मंजिला मकान को भी चपेट में ले लिया। इस मकान के निचले तल पर जीवन जोशी की लाइफ स्पोर्ट के नाम से शोरूम था, जबकि दूसरी मंजिल पर एक कोचिंग संस्थान था, जो आग की चपेट में आकर जलकर खाक हो गई। दीवार तोड़कर वीआर ट्रेडर्स की बिल्डिंग से एक महिला को गम्भीर हालत में बाहर निकाला गया। उसे तत्काल ऐम्बुलेन्स द्वारा जिला अस्पताल भेजा गया, मगर बीकेडी चौराहा पहुंचने से पहले ही महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार मृतका का नाम रजनी राजपूत बताया गया है। वह इंश्योरेंस कंपनी में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर कार्यरत थीं।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान आधा दर्जन कर्मचारियों को सकुशल निकाल लिया गया, जबकि कई लोग झुलसी अवस्था में बाहर निकाले गए। सभी को अस्पताल भेज दिया गया। वीआर ट्रेडर्स में काम करने वाले अनुज व आकाश नाम के कर्मचारी फिलहाल लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए सेना के जवान आग पर काबू पाकर शोरूम में प्रवेश करने की कोशिश में जुटे थे।

See also  अयोध्या में राम मंदिर के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने कहा- प्राण प्रतिष्ठा में भी बांटे गए थे तिरुपति के लड्डू

पार्किंग में खड़ीं 45 गाड़ियां जलकर राख
आग की लपटों ने अगर दोनों शोरूम में रखे करोड़ों के सामान को राख कर दिया तो यहां आए लोगों की पार्किंग में खड़ी 45 गाड़ियां भी स्वाहा हो गईं। हवा के कारण आग विकराल हो गई और आसमान से शोले बरसने लगे। आसपास आधा किलोमीटर दूर तक दहशतजदा लोगों ने अपना घर छोड़कर दूर खड़े हो गए।